विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, सुल्तानपुरी से पकड़ा गया हिमांशु भाऊ गिरोह का शूटर; दो पिस्तौल बरामद

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:57 PM (IST)

बाहरी दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने हिमांशु भाऊ गिरोह के शूटर यशपाल को सुल्तानपुरी से गिरफ्तार किया है। उसके ...और पढ़ें

गिरफ्तार शूटर। जागरण

गिरफ्तार शूटर। जागरण

HighLights

  1. हिमांशु भाऊ गिरोह का शूटर यशपाल गिरफ्तार।

  2. सुल्तानपुरी से दो देसी पिस्तौल बरामद की गईं।

  3. पुलिस ने बड़ी वारदात की साजिश नाकाम की।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने हिमांशु भाऊ गिरोह के एक शूटर को धर दबोचा। आरोपित की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना स्थित सिरसका गांव निवासी यशपाल (24) के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके पास से दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। इस बाबत सुल्तानपुरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को स्पेशल स्टाफ की टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा एक बदमाश अवैध हथियार लेकर ए-ब्लाक स्थित फूल पार्क के पास मौजूद है। टीम ने मौके पर छापा मारकर आरोपित को पकड़ लिया।

तलाशी में मिले हथियार

तलाशी के दौरान उसके बैग से दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस मिले। इस मामले में 25 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई और अब टीम आरोपित के कब्जे से बरामद हथियारों के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।

पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि यह बदमाश किसी कारोबारी को टारगेट करने के मकसद से आया था। यशपाल से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसे हथियार कहां से मिले और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

गौरतलब हो कि हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़े बदमाशों की गतिविधियां बाहरी दिल्ली में लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। हाल ही में बवाना में दो कारोबारियों के गोदाम और कार पर फायरिंग के मामले में भी इसी गिरोह से जुड़े दो बदमाशों की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं, रोहिणी जिला पुलिस इस गिरोह को हथियार सप्लाई करने के आरोप में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में रंगदारी नेटवर्क पर कसेगी नकेल, नवंबर अंत तक भारत लाए जाएंगे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया