अतिथि शिक्षकों को हर माह 35000 की जगह मिलेगी 57700 रुपए सैलरी, उत्तराखंड कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव
उत्तराखंड में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों (गेस्ट फैकल्टी) के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में लाया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को यूजीसी के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने शनिवार को विधानसभा भवन स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में विभिन्न संकायों में करीब 400 गेस्ट फैकल्टी कार्यरत हैं।
वर्तमान में इन्हें लगभग 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जबकि लंबे समय से यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुसार 57,700 रुपये मानदेय देने की मांग की जा रही है। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है।
छात्रावासों का होगा सदुपयोग
मंत्री ने विभागीय बजट को शीघ्र खर्च करने और निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने महाविद्यालयों में छात्रावासों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
छात्रावास खाली रहने पर शिक्षकों और कर्मचारियों को वहां रहने की अनुमति देने का सुझाव भी दिया। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क टेबलेट वितरित करने के लिए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।