Uttarakhand Election Result 2022 : भाजपा ने मिथक तोड़ा, लेकिन घट गया मत प्रतिशत, कांग्रेस ने बनाई बढ़त
Uttarakhand Election Result 2022 News उत्तराखंड में मिथक को तोड़ते हुए बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी भाजपा के मत प्रतिशत में कमी दर्ज की गई है। वहीं कांग्रेस ने अपने मत प्रतिशत में इजाफा किया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Election Result 2022 : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के मिथक को तोड़ते हुए बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी भाजपा के मत प्रतिशत में कमी दर्ज की गई है। वहीं, जीत के दावों से काफी पीछे रही कांग्रेस ने अपने मत प्रतिशत में इजाफा किया है।
2017 के विधानसभा चुनाव में इतना रहा था मत प्रतिशत
भाजपा को वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में करीब साढ़े 46 प्रतिशत वोट मिले थे। तब भाजपा ने बंपर जीत हासिल करते हुए 70 में से 57 सीटों पर कब्जा जमाया था। इस दफा सीटों की संख्या घटकर 47 रह गई है और इसी के अनुरूप मत प्रतिशत घटकर साढ़े 44 के आसपास आ गया है। वहीं कांग्रेस को महज 12 सीटों पर जीत हासिल हुई थी और इस दफा आंकड़ा बढ़कर 21 हो गया है। ऐसे में कांग्रेस का मत प्रतिशत 34 से बढ़कर 38 के करीब पहुंच गया है।
इस विधानसभा चुनाव से आम आदमी पार्टी (आप) ने भी राज्य की राजनीति में पदार्पण किया। हालांकि, पार्टी उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई। पार्टी का मत प्रतिशत भी साढ़े तीन प्रतिशत से कम पर सिमट गया। इस चुनाव में बसपा व सपा ने भी अपना मत प्रतिशत गंवाया है।
बसपा के मत प्रतिशत में करीब दो प्रतिशत की गिरावट, जबकि सपा के मत प्रतिशत में करीब एक प्रतिशत गिरकर नगण्य स्थिति में आ गया है। क्षेत्रीय दल का दंभ भरने वाला उक्रांद भी अपने प्रदर्शन में अपेक्षाकृत सुधार नहीं कर पाया। अन्य के रूप में दर्ज प्रत्याशियों (निर्दलीय आदि) का मत प्रतिशत जरूर भाजपा व कांग्रेस के बाद सर्वाधिक आठ प्रतिशत से अधिक रहा। फिर भी इनके मत प्रतिशत में भी करीब दो प्रतिशत की कमी पाई गई।
चुनाव में मत प्रतिशत की स्थिति
पार्टी - वर्ष 2022 - वर्ष 2017
भाजपा - 44.3 - 46.51
कांग्रेस - 37.9 - 33.49
बसपा - 4.82 - 6.98
आप - 3.31 - लागू नहीं
सपा - 1.12 - 0.29
अन्य - 8.31 - 10.04
मतगणना के साथ बदलते रहे चेहरों के भाव
सुबह के करीब सात बजे थे, महाराणा प्रताप स्पोट्रर्स कालेज रायपुर में मतगणना स्थल के बाहर सुरक्षा चाक-चौबंद। करीब सवा सात बजे भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता भी मतगणना स्थल पहुंचने शुरू हो गए। दोनों ही दल के कार्यकर्ता परिणामों को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे थे। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई, तो एक घंटे बाद शुरुआती रुझान आने लगे।
चार सीट पर कांग्रेस तो छह सीट पर भाजपा बढ़त में दिखी, लेकिन इसके बाद जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ती रही, उसी के साथ माहौल भी पल-पल बदलता रहा। प्रत्याशियों के समर्थकों की चेहरों के भाव भी बदलते रहे। मतगणना स्थल के बाहर कभी किसी खेमे में नारेबाजी होने लगती तो कभी चेहरे लटक जाते। मतगणना स्थल से विजयी प्रत्याशियों के समर्थक नाचते-कूदते बाहर निकले, वहीं जिन प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा उनके कार्यकत्र्ता मायूस होकर वहां से रुखसत हो गए।
यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Election Result 2022: उत्तराखंड में भाजपा को दोबारा पूर्ण बहुमत, ये रहे जीत के पांच बड़े कारण
करीब साढ़े 12 बजे तक भाजपा की जीत की तरफ जाने लगी तो कांग्रेस समर्थकों की उम्मीदें भी धूमिल होने लगी। परिणामों को लेकर मायूस कांग्रेसियों ने धीरे-धीरे लौटना शुरू कर दिया। दोपहर डेढ़ बजे बजे नजारा यह हो गया कि चकराता एवं धर्मपुर सीट को छोड़कर बाकी सीटों के कांग्रेस प्रत्याशियों के अधिकांश समर्थक लौट गए।
गले मिले त्रिवेंद्र व प्रीतम
हार-जीत के माहौल से अलग सद्भाव का परिचय देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने गले मिलकर एक-दूसरे का स्वागत किया। भले ही मतगणना के दौरान पुलिसकर्मी मुस्तैदी से सुरक्षा में तैनात रहे हों, लेकिन जवानों में भी चुनाव के परिणाम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा था। हर दस से बीस मिनट में मीडियाकर्मियों से जवान अपडेट लेते रहे। चुनाव में भाजपा की जीत को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी चर्चा तेज रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।