विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख मतदाता शामिल, यह है दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि

By Vikas GusaiEdited By: Rahul Chauhan
Published: Fri, 13 Nov 2026 05:25 PM (IST)

उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है, जिसमें 72.78 लाख मतदाता शामिल हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसमें प्रदेश के 72.78 लाख मतदाताओं को शामिल किया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर तक का समय मिलेगा।

एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी इस अवधि में फार्म-6 भरकर मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं।

इनमें 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिला और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद इनकी संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।

उन्होंने बताया कि चार से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में 1,25,216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन के साथ ईसीआई नेट एप के जरिये ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

सूची में नाम और अन्य विवरणों की जांच भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर की जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और बीएलओ के माध्यम से भी सूची देखी जा सकती है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट सूची की साफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। वहीं, जिला स्तर पर हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

गौरतलब है कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद तीन अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज होंगी और 28 दिसंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मतदाता सूची में बड़ी गिरावट, देहरादून के राजपुर रोड में बदरीनाथ-केदारनाथ से भी कम वोटर

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मतदाता सूची पर भाजपा का पलटवार: कांग्रेस फैला रही भ्रम, केवल 7,522 नाम हटे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।