उत्तराखंड से 20 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में होंगे शामिलः गणेश गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, उत्तराखंड से लगभग 20 हजार कार्यकर्ता दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली ...और पढ़ें

HighLights
उत्तराखंड से 20 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में भाग लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी का दावा किया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता भी रैली में।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। दिल्ली में रविवार को होने वाली कांग्रेस की महारैली में उत्तराखंड से करीब 20 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यह दावा करते हुए कहा कि रैली में भाग लेने के लिए प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ता रवाना हो रहे हैं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शनिवार को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि शेष कार्यकर्ता रविवार को रैली शुरू होने से पहले पहुंच जाएंगे।
शनिवार को दिल्ली पहुंचे गोदियाल ने एक वक्तव्य में कहा कि दिल्ली रैली को लेकर प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
सभी जिलों से कार्यकर्ता जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में दिल्ली पहुंच रहे हैं। पार्टी ने रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां की हैं। कार्यकर्ताओं के आने-जाने और रैली में उनकी सहभागिता को लेकर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि रैली में उत्तराखंड कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता भी शामिल होंगे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह और चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी दिल्ली पहुंचेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।