Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Congress: हरिद्वार से आए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय में किया हंगामा, हाथापाई त‍क पहुंची बात

    By Ravindra kumar barthwalEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Sun, 02 Apr 2023 07:50 AM (IST)

    Uttarakhand Congress प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को हरिद्वार जिले से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। देश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के कक्ष में भी उन्होंने हंगामा करने की कोशिश की तो वहां उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें कक्ष से बाहर निकाल दिया।

    Hero Image
    Uttarakhand Congress: हरिद्वार जिले से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई।

    राज्य ब्यूरो, देहरादून : Uttarakhand Congress: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को हरिद्वार जिले से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इन कार्यकर्ताओं ने रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी को बनाने का विरोध करते हुए उन्हें हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस बीच हंगामा करने वालों की भाषा को अभद्र बताते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के कक्ष में भी उन्होंने हंगामा करने की कोशिश की तो वहां उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें कक्ष से बाहर निकाल दिया।

    प्रदेश पदाधिकारियों के साथ झड़प भी हुई

    रुड़की से आए युवा कांग्रेस से जुड़े एक पदाधिकारी की प्रदेश पदाधिकारियों के साथ झड़प भी हुई। बाद में उन्हें अध्यक्ष के कक्ष से बाहर कर दरवाजा बंद कर दिया गया। इन पदाधिकारियों ने हरिद्वार जिले से आए इन कार्यकर्ताओं की भाषा पर आपत्ति भी की।

    इस दौरान झड़प के साथ हाथापाई की नौबत भी आ गई थी, लेकिन इसे रोक दिया गया। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कार्यालय में हुई इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हरिद्वार से आए पार्टी नेताओं के साथ बातचीत की और उनका पक्ष सुना।

    इन नेताओं को राजेंद्र चौधरी विरोधी गुट का बताया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने किसी भी कार्यकर्ता पर कार्रवाई से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि विरोध करने वालों ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने जोर से अपनी बात कही। किसी तरह की गाली-गलौज से उन्होंने इन्कार किया।

    उन्होंने कहा कि पार्टी के रुख के बारे में बताया गया तो विरोध करने वाले शांत हो गए। उधर, कांग्रेस नेता बिट्टू शर्मा ने इंटरनेट मीडिया पर अपनी पोस्ट में प्रदेश अध्यक्ष पर रुड़की से कांग्रेस प्रत्याशी रहे यशपाल राणा को अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोडऩे की बात कही।