विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड चुनाव: 15 दिसंबर तक बनेगी कांग्रेस के दावेदारों की सूची, स्क्रीनिंग कमेटी परखेगी दम

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:39 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन प्रक्रिया स्पष्ट की है। दावेदार जिलाध्यक्षों या सीधे पीसीसी में आवेदन कर सकेंगे, 15 दिसंबर तक सूची बनेगी।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर रणनीति स्पष्ट कर कर दी है। टिकट के दावेदार संबंधित जिलाध्यक्षों के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। जो दावेदार ऐसा नहीं करना चाहते, उनके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में सीधे आवेदन जमा करने का विकल्प खुला रखा गया है।

विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए 15 दिसंबर से पहले दावेदारों की सूची तैयार कर इसे स्क्रीनिंग कमेटी को सौंपा जाएगा। इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी जिला मुख्यालयों में जाकर दावेदारों का दम परखेगी और सीटवार पैनल तैयार प्रदेश चुनाव समिति को सौंपेगी।

पार्टी ने यह भी साफ किया है कि इस बार जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों पर ही दांव चला जाएगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा।

देहरादून पहुंची कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने अपने दौरे के अंतिम दिन रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रत्याशी चयन और आवेदन प्रक्रिया को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी व आनुषंगिक प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठकों में मंथन किया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी और कमेटी के सदस्यों अनिल चौधरी व पालभाई अंबालिया ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय को लेकर भी विमर्श किया।

बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने स्क्रीनिंग कमेटी के निर्देशों का हवाला हुए बताया कि टिकट के लिए दावेदारों की केवल राजनीतिक सक्रियता ही नहीं, बल्कि संगठन के प्रति निष्ठा और पिछले आंदोलनों में भूमिका का भी आकलन होगा।

स्थानीय कार्यकर्ताओं और आनुषंगिक संगठनों से फीडबैक लेकर प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसमें युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा।

टिकट चयन में दावेदारों की क्षेत्र में स्वीकार्यता, जनसंपर्क और संगठन की मजबूती में योगदान को कसौटी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से बातचीत कर स्क्रीनिंग कमेटी के जिला मुख्यालयों के दौरे का कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। तब तक पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति भी गठित हो जाएगी।

प्रदेश कार्यकारिणी और प्रकोष्ठों ने संकल्प लिया है कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, पूरा संगठन उसके लिए एकजुट होकर काम करेगा। साथ ही बूथ और मंडल स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें- देहरादून में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, कथित पत्रकार रोहित छाबड़ा गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- अब ऑनलाइन मिलेगी संपत्तियों की रजिस्ट्री, देहरादून में म्यूटेशन और कर वसूली होगी तेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।