विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब ऑनलाइन मिलेगी संपत्तियों की रजिस्ट्री, देहरादून में म्यूटेशन और कर वसूली होगी तेज

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:09 AM (GMT+05:30)

देहरादून नगर निगम को अब संपत्तियों की रजिस्ट्री का ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे म्यूटेशन और भवन कर की प्रक्रिया तेज होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर में संपत्ति खरीदने-बेचने के बाद नगर निगम के अभिलेखों में नए मालिक का नाम दर्ज करवाने और भवन कर की प्रक्रिया में होने वाली देरी अब कम होने की उम्मीद है।

नगर निगम देहरादून को अब संपत्तियों की रजिस्ट्री का ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए एक डिजिटल प्लेटफार्म तैयार किया गया है। निगम कर्मचारियों को इस प्रणाली के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

भवन कर की वसूली में तेजी आने की संभावना

नई व्यवस्था लागू होने के बाद रजिस्ट्री विभाग में संपत्ति की रजिस्ट्री होते ही उसका विवरण नगर निगम तक पहुंच सकेगा। इससे निगम को संपत्ति के नए स्वामी की जानकारी के लिए अलग से इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निगम संबंधित संपत्ति के नए मालिक को म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) और भवन कर भुगतान के लिए नोटिस भेज सकेगा।

इससे संपत्तियों के स्वामित्व परिवर्तन का रिकॉर्ड अपडेट रखने और भवन कर की वसूली में तेजी आने की संभावना है। अब तक संपत्ति खरीदने वाले व्यक्ति को रजिस्ट्री के बाद नगर निगम में अलग से म्यूटेशन के लिए आवेदन करना पड़ता था। इसके लिए रजिस्ट्री की प्रति समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होते थे और निर्धारित शुल्क भी देना पड़ता था।

निगम स्तर पर दस्तावेजों की जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संपत्ति के कर अभिलेखों में नए मालिक का नाम दर्ज किया जाता था। हालांकि, नगर निगम ने सितंबर 2022 में ई-म्यूटेशन की सुविधा शुरू कर दी थी। इसके तहत आवेदन, दस्तावेज अपलोड, शुल्क भुगतान और आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन, रजिस्ट्री के बाद निगम को संपत्ति के नए स्वामी की जानकारी स्वतः मिलने की व्यवस्था अलग से नहीं थी।

संपत्ति स्वामी को भी सहूलियत

नई डिजिटल व्यवस्था से रजिस्ट्री और नगर निगम के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान आसान होगा। संपत्ति की खरीद-बिक्री के बाद नए मालिक की जानकारी निगम तक पहुंचने से म्यूटेशन की प्रक्रिया शुरू कराने में देरी कम होगी।

साथ ही ऐसी संपत्तियों की पहचान भी आसान होगी, जिनका भवन कर निर्धारित नहीं है या जिनके पुराने कर बकाया हैं। इससे एक ओर संपत्ति मालिकों को बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर निगम के राजस्व में वृद्धि और कर वसूली की व्यवस्था अधिक पारदर्शी हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।