उत्तराखंड कांग्रेस प्रत्याशी चयन: लगातार दो चुनाव हार चुके नेताओं की परफार्मेंस पर भी स्क्रीनिंग कमेटी की नजर
उत्तराखंड में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन में सावधानी बरत रही है। स्क्रीनिंग कमेटी लगातार दो चुनाव हारे नेताओं और नए दावेदारों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करेगी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
केदार दत्त, जागरण देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस इस बार प्रत्याशी चयन को लेकर फूंक-फूंककर कदम उठाएगी। इस दृष्टि से पार्टी ने कवायद प्रारंभ कर दी है और स्क्रीनिंग कमेटी सप्ताहभर के भीतर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू कर संभावित दावेदारों का पैनल तैयार करेगी।
खास बात यह है कि टिकट के तलबगारों की फौज के बीच लगातार पिछले दो चुनाव हार चुके नेताओं की परफार्मेंस पर भी कमेटी की नजर रहेगी। ऐसे नेताओं की संख्या 13 है। इस परिदृश्य में पुराने सूरमाओं पर भरोसा बनाए रखने और नए दावेदारों को अवसर देने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती कमेटी के सामने रहेगी।
कांग्रेस हाईकमान यह पहले ही साफ कर चुका है कि इस बार टिकाऊ व जिताऊ प्रत्याशियों पर ही दांव खेला जाएगा। प्रत्याशी चयन में इसी को वह प्रमुख आधार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के मजबूत संगठन और सत्तारूढ़ दल की चुनावी तैयारियों का मुकाबला करने की है।
ऐसे में टिकट वितरण में किसी तरह की चूक से बचने को संभावित प्रत्याशियों की जमीनी स्थिति, क्षेत्र में सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता और जनाधार के आकलन को कांग्रेस हाईकमान की ओर से राज्य में सर्वे भी कराया जा रहा है।
इस परिदृश्य में लगातार दो चुनाव हार चुके नेताओं का मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इनमें कई लंबे समय से अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय हैं और टिकट के दावेदार भी माने जा रहे हैं। पिछले दो विधानसभा चुनाव हार चुके पार्टी नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी व मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, मनोज रावत, डॉ. जीतराम, रणजीत रावत, प्रदीप पाल, सूर्यकांत धस्माना, गोदावरी थापली, राजकुमार, आर्येंद्र शर्मा के नाम मुख्य हैं।
ऐसे में स्क्रीनिंग कमेटी के सामने पुराने चेहरों पर भरोसा और नए को अवसर की बीच संतुलन की चुनौती रहना स्वाभाविक है। कमेटी सभी विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों को तमाम कसौटियों पर परखेगी। यदि किसी क्षेत्र में नए चेहरे की स्थिति मजबूत मिलती है तो वहां पार्टी इस विकल्प पर भी विचार कर सकती है।
28 को दून पहुंचेगी स्क्रीनिंग कमेटी
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की रविवार को देेहरादून में वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के दौरे के संबंध में चर्चा हुई। बताया गया कमेटी 28 नवंबर को देहरादून पहुंचेगी और फिर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू कर देगी।
वह प्रत्येक सीट के लिए दावेदारों के नामों का पैनल प्रदेश चुनाव समिति को सौंपेगी। प्रदेश चुनाव समिति पैनल पर विचार कर प्रत्येक सीट के लिए तीन या चार नाम का पैनल कांग्रेस हाईकमान को भेजेगी।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, मंच पर हरीश रावत और यशपाल आर्या के बीच माला पहनाने को लेकर खींचतान
यह भी पढ़ें- हरीश रावत ने की राहुल से मुलाकात, बोले- '80 की उम्र में भी वह पार्टी के लिए उपयोगी'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।