उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनाई रणनीति, बनेंगी 12 हजार बूथ कमेटियां
उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू की है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा बूथ स्तर पर अपने मजबूत संगठन के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है। इस आलोक में देखें तो वर्ष 2017 से राज्य की सत्ता से दूर चल रही कांग्रेस के सामने अपने सांगठनिक ढांचे को सक्रिय और मजबूत बनाने की चुनौती है।
कांग्रेस हाईकमान ने भी इसे महसूस किया है और प्रदेश नेतृत्व को बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में कांग्रेस ने बूथ इकाइयों को सक्रिय और पुनर्जीवित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
पार्टी की 1206 मंडल इकाइयों को लगभग 12,000 बूथ कमेटियां तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। जिला व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भी इस कार्य में जुटेंगे। देर से ही सही, लेकिन कांग्रेस की समझ आया है कि बिना जमीनी सैनिकों के चुनावी लड़ाई में विजय हासिल नहीं हो सकती।
केवल बड़े नेताओं की सभाओं और यात्राओं से ही काम नहीं चलेगा। इससे पहले संगठन का जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय होना आवश्यक है। इसी बिंदु पर अब पार्टी ने ध्यान केंद्रित किया है। बूथ मैनेजमेंट के दृष्टिगत पार्टी त्रिस्तरीय माडल पर आगे बढ़ रही है।
इसमें पहले ब्लाक कमेटी सशक्त होगी और फिर वह मंडल कमेटी को। एक मंडल कमेटी के दायरे में 10 बूथ होते हैं। मंडल कमेटी फिर बूथ कमेटियां तैयार करेगी। इसकी कवायद प्रारंभ कर दी गई है।
यही नहीं, पार्टी ने हाल में ही प्रदेश सचिवों को विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष व महासचिवों को जिला प्रभारी का दायित्व सौंपा। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जिला व विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल संगठन की मजबूती को पूरी शिद्दत से जुटें। वे बूथ स्तर से लेकर ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्रों में वार्ड इकाइयां गठित करने में भी योगदान देंगे।
‘कांग्रेस चाक-चौबंद तरीके से अपनी बूथ कमेटियों को गठित करने में जुटी है। मंडल इकाइया अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ कमेटियां तैयार कर रही हैं। इसके साथ ही बीएलए दो व एक को भी इस कार्य में लगाया गया है। प्रांतीय नेता भी संगठन को सशक्त करने के लिए मैदान में उतर चुके हैं।’
राजेंद्र भंडारी, प्रदेश महामंत्री संगठन, प्रदेश कांग्रेस।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।