UP और उत्तराखंड के हजारों लोगों का 26 साल का इंतजार खत्म! बालावाली से देहरादून के लिए शुरू हुई रोडवेज बस सेवा
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती खादर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की 26 साल पुरानी मांग पूरी हुई है। शुक्रवार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बालावाली-लक्सर-हरिद्वार-देहरादून के बीच परिवहन निगम की बस सेवा शुरू।
छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों का सफर होगा सुगम।
संवाद सूत्र, नांगलसोती (बिजनौर)। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती खादर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर है। 26 वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ ही शुक्रवार से बालावाली-लक्सर-हरिद्वार-देहरादून के बीच परिवहन निगम की बस सेवा शुरू हो गई है। इससे बिजनौर जिले के सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को राजधानी देहरादून तथा हरिद्वार तक आवागमन की सुगम सुविधा मिलेगी।
अभी तक इस क्षेत्र के लोगों को देहरादून, हरिद्वार और लक्सर जाने के लिए निजी वाहनों अथवा दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। खासकर सुंदरपुर बेड़ा, लालपुर सोजीमल, गौसपुर, तीसोतरा, रामजीवाला, गोपालपुर, छकड़ा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग पर सरकारी बस चलाने की मांग कर रहे थे।
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ही ग्रामीण परिवहन निगम की बस सेवा शुरू कराने के लिए प्रयासरत थे। नई व्यवस्था के तहत सुबह आठ बजे बालावाली से बस रायसी होते हुए लक्सर पहुंचेगी। यहां से हरिद्वार और फिर देहरादून तक यात्रियों को सफर कराया जाएगा। वापसी में बस देहरादून से हरिद्वार, लक्सर और रायसी होते हुए बालावाली पहुंचेगी।
बीच करीब 53 किलोमीटर के सफर का किराया 85 रुपये निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए 24 स्टॉपेज भी निर्धारित किए गए हैं। बस सेवा शुरू होने से शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रोजाना लक्सर, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
अभिषेक कुमार, संजीव कुमार, मायाराम, दिनेश कुमार, राहुल आदि ने बताया कि यह बस सुविधा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। एआरएम हरिद्वार विशाल चंद्र के अनुसार, शुरुआत में एक बस का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार दूसरी बस चलाने की भी तैयारी है। इस बस सेवा के शुरू होने से हरिद्वार और लक्सर के रास्ते बिजनौर तथा नजीबाबाद आने-जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
