कक्षा नौ और ग्यारह के पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब इस तारीख तक करें आवेदन
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने कक्षा 9 और 11 के संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी दो दिसंबर की रात 12 बजे तक आनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। परिषद के अनुसार, पूर्व निर्धारित समयावधि में कई विद्यालयों में पंजीकरण और संशोधन का कार्य पूरा नहीं हो पाया था।
विद्यालयों के अनुरोध और छात्रहित को देखते हुए पंजीकरण पोर्टल 29 नवंबर को सुबह 11 बजे से दो दिसंबर तक खुला रहेगा। जिन विद्यालयों ने पहले ही पोर्टल लाक कर दिया था, उनके लिए भी इसे अनलाक किया जाएगा।
इससे नए पंजीकरण के साथ पूर्व में दर्ज विवरण में आवश्यक संशोधन भी किए जा सकेंगे। हालांकि, पंजीकरण शुल्क जमा करने की तिथि में कोई विस्तार नहीं किया गया है। केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं का नया पंजीकरण हो सकेगा, जिन्होंने निर्धारित समयसीमा में चालान के माध्यम से शुल्क जमा कर दिया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों को चार दिसंबर तक नामावली और कोष पत्र खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करने होंगे। खंड शिक्षा अधिकारी सात दिसंबर तक इन्हें मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय और मुख्य शिक्षा अधिकारी 10 दिसंबर तक परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।