उत्तराखंड का सफर मुश्किल: 2 साल में 60% भी नहीं बना शाहबाद-बाजपुर मार्ग, कोहरे ने बढ़ाई टेंशन; अब मार्च 2027 तक का इंतजार!
100 करोड़ रुपये से अधिक की शाहबाद-बाजपुर मार्ग चौड़ीकरण परियोजना दो साल में केवल 60% पूरी हुई है, जिसे अब मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कार्य में सुस्ती, ठेकेदार की मौत और अन्य बाधाओं के कारण यह परियोजना लगातार विलंबित हो रही है।

एआई इमेज
HighLights
स्वार तो कभी शाहबाद सीमा के क्षेत्र में बरती जा रही ढिलाई
जागरण संवाददाता, रामपुर। शाहबाद-बाजपुर मार्ग चौड़ीकरण आरंभ हुए दो साल बीत चुके हैं। तीन बार कार्य अवधि का विस्तार मिल चुका है। हालांकि वर्तमान में कार्य पूर्ण करने का समय मार्च 2027 तक है, लेकिन करीब 64 किमी लंगे मार्ग का यह कार्य अभी भी समय से पूरा होता प्रतीत नहीं हो रहा है। चूंकि पिछले एक माह से शाहबाद साइड का कार्य बंद पड़ा है।
स्वार क्षेत्र में कार्य धीमी गति से चल रहा है। अब कोहरे में कार्य रोकने की संभावना है। करीब सौ करोड की इस परियोजना का कार्य ऐसे में समय से पूरा होने के आसार नहीं प्रतीत हो रहे हैं।
यह जिले की बड़ी परियोजना में शामिल है। इसकी घोषणा भी जनपद में आगमन के दौरान पूर्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। शुरुआत में यह परियोजना सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले पेड़ों का कटान नहीं होने व कटान की अनुमति नहीं मिलने, पौधरोपण के लिए बदले में भूमि नहीं मिलने के कारण लटकी रही।
बाद में नौ सौ से अधिक पेड़ों का कटान होने व बदले में गैर जिले में पौधरोपण के लिए भूमि वन विभाग को सौंपे जाने पर तकनीकी बाधाएं दूर होने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। यह कार्य सरकार उत्तराखंड का आवागमन सुगम बनाने के लिए स्वीकृत किया था।
चूंकि पहले यह मार्ग करीब सात मीटर चौड़ा था। बाद में इसे दोनों साइड में डेढ-डेढ मीटर की चौडाई बढ़ाकर 10 मीटर चौडा बनाने का प्रस्ताव 100 करोड़ रुपये से अधिक का घोषित किया गया था।
अभी तक कार्य 60 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो सका है। तीन माह पूर्व ही इस कार्य अवधि सितंबर से बढ़ाकर मार्च 2027 कर दी गई। कार्यदायी संस्था कभी शाहबाद में कार्य कराती है तो स्वार क्षेत्र में ढिलाई बरती जाती है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हर्षित जैन ने बताया कि बीच में कार्यदायी संस्था के एक ठेकेदार की मौत होने के कारण कार्य रुक गया था। इस कारण कार्य प्रगति नहीं पकड़ पा रहा है। दावा किया कि अब कार्य तेजी है। यदि कार्यदायी संस्था अब शिथिलता बरतती है तो नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।