'रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...', ओवैसी पर तंज कसने वाले आजम खां कैसे बदलेंगे UP की 20 सीटों का समीकरण?
सपा महासचिव आजम खां की जेल से रिहाई के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 20 से अधिक सीटों पर पार्टी को मजबूती मिल सकती है, जहां मुस्लिम वोटबैंक निर्णायक है।

आजम खां और असदुद्दीन ओवैसी
HighLights
आजम से मिलने को आतुर हो रहे दावेदार, फिलहाल वह बनाए हैं सभी से दूरी
अनिल अवस्थी, रामपुर। सपा महासचिव आजम खां के जेल से रिहा होने के बाद पार्टी को कई सीटों पर चुनौती मिलने के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश के रामपुर की सभी पांचों, मुरादाबाद की तीन, संभल की दो विधानसभा सीटों के अलावा सरधना, किठौर, मेरठ शहर, कैराना, नगीना सहित 20 से अधिक सीटों पर मजबूती मिल सकती है। कारण, इन क्षेत्रों में मुस्लिम वोटबैंक निर्णायक स्थिति में है। कई सीटों पर आजम का सीधा दखल भी माना जाता है।
जेल से निकले आजम पूरी तरह सियासी मूड में नजर आ रहे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रतिभाग करने के लिए फिलहाल दोषसिद्धि से जुड़े कानूनी मामले उनकी राह में बाधक हैं।
इसलिए उनकी भूमिका उम्मीदवार से ज्यादा चुनावी रणनीतिकार और स्टार प्रचारक की हो सकती है। हालांकि, रामपुर में उनकी ही पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह से उनका छत्तीस का आंकड़ा सपा के लिए संकट भी खड़ा कर सकता है।
सपाइयों को उम्मीद है कि पार्टी मुखिया अखिलेश यादव इसका तोड़ निकाल लेंगे। टिकट बंटवारे के मामले में जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर आजम की पसंद के प्रत्याशी तय माने जा रहे हैं।
चर्चा है कि गठबंधन की स्थिति में सपा बिलासपुर सीट कांग्रेस को देगी। जबकि, सपा के लिए ये सीट भी महत्वपूर्ण है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से निर्वाचित भाजपा के बलदेव सिंह औलख सपा के अमरजीत सिंह से महज 307 वोटों से ही जीते थे।
इस सीट पर अमरजीत आजम की पसंद से ही उतारे गए थे। हालांकि, इस बार आजम ने पहले ही कह दिया है कि कांग्रेस को अधिक सीटें देनी पड़ीं तो भी वह कुर्बानी देने को तैयार हैं।
इसके अलावा रामपुर और स्वार-टांडा सीट से उनके परिवार से ही प्रत्याशी आने की संभावना है। चमरौवा सीट पर उनकी पसंद के मौजूदा विधायक नसीर खां का टिकट भी बिना आजम की मर्जी के बदलने की उम्मीद नहीं है।
शेष बची शाहबाद-मिलक की सीट के लिए कई दावेदार आजम के इर्द-गिर्द मंडराने लगे हैं। हालांकि, वह अभी सभी से दूरी बनाए हैं। सियासी पंडितों का आकलन है कि जिले के बाहर की सीटों पर भी आजम का रसूख नजर आएगा।
इनमें मुरादाबाद, बदायूं, कासगंज, मेरठ और सहारनपुर सहित कई जिलों की सीटों पर आजम के करीबी दावेदार ताल ठोक रहे हैं। वह पार्टी नेतृत्व की पसंद को भी मुसीबत में डाल सकते हैं। मुस्लिम बाहुल्य इन सीटों पर आजम का प्रभाव रहता ही है।
ओवैसी के प्रति साफ किया रुख
हाल ही में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर के साथ गठबंधन कर मुस्लिम मतदाताओं पर जादू चलाने के फिराक में लगे असदुद्दीन ओवैसी पर भी आजम ने अपना रुख साफ कर दिया है।
गुरुवार को उन्होंने तंज कसते हुए कहा ‘दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं हो जाता...रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं...।’ इससे यह तो साफ हो गया है कि चुनाव में ओवैसी और आजम के बीच जुबानी जंग देखने को मिलेगी। आजम के पाले से उनके समर्थकों को खींचना ओवैसी के लिए आसान नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।