'परिवार समेत इच्छा मृत्यु दें या देश छोड़ने की इजाजत...', जेल से बाहर आकर आजम खां का बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां ने जेल से रिहाई के बाद ईडी पर झूठे हलफनामे का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

अपने आवास के बाहर प्रेसवार्ता करते आजम खां
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां गुरुवार को दिन भर घर में आराम करने के बाद शाम को मीडिया से मिले। मीडिया से बातचीत में कहा कि 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होते ही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा उन्हें फौरन गिरफ्तार कर लिया था। इस गिरफ्तारी को लेकर ईडी ने न्यायालय में झूठ बोला।
ईडी बिना वारंट गिरफ्तार करने आई थी। ईडी का यही झूठ न्यायालय में पकड़ा गया। अंगूठा लगाने वाली जो बात कही जा रही है, वह भी गलत है। ईडी द्वारा न्यायालय को गुमराह किया गया है।
जिस अंगूठे का जिक्र ईडी कर रही है, वह रिमांड के दौरान दिल्ली में हुई पूछताछ के दौरान का है। वह रामपुर जेल का नहीं है। ईडी ने न्यायालय में झूठा शपथपत्र दिया है। वह ईडी के इस झूठ के खिलाफ न्यायालय में रिट करेंगे।
जेल में बिताए दिनों पर कहा कि बहुत संघर्ष किया है। जेल में उनका वजन 98 किलों से घटकर 70 किलो रह गया है। हमें बेवजह परेशान किया जा रहा है।
सरकार से हमारी मांग है कि हमें पूरे परिवार के साथ इच्छा मृत्यु की परमीशन दे दी जाए या हम सब कुछ छोड़ देंगे, हमें देश छोड़ने की परमीशन दे दी जाए। अगर कुछ लोगों को हमसे इतनी ही नफरत है तो इन दो कामों में से एक काम तो कर ही सकते हैं।
इससे पहले प्रेसवार्ता के लिए आजम खां जब आवास के बाहर निकले तो उन्होंने परिवार के 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का इशारा किया।
उन्होंने डूंगरपुर प्रकरण, दो पैन कार्ड आदि दोषसिद्धि के मामलों में सजा रद करने या अंतरिम रोक के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर चुनाव लड़ने की कोशिश करने के संकेत दिए।
यह भी पढ़ें- आजम खान के मुकदमों का पूरा हिसाब: अब तक 16 मामलों में आया फैसला, जानिए कितनों में मिली सजा और कितनों में हुए बरी