विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजम खान के मुकदमों का पूरा हिसाब: अब तक 16 मामलों में आया फैसला, जानिए कितनों में मिली सजा और कितनों में हुए बरी

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:29 PM (IST)

सपा नेता आजम खान के खिलाफ अब तक 16 मुकदमों में फैसला आ चुका है, जिसमें उन्हें आठ मामलों में ...और पढ़ें

आजम खान

आजम खान

HighLights

  1. भाजपा सरकार आने पर साल 2019 में दर्ज हुए थे ताबड़तोड़ मुकदमे, एक माह पहले ही अजीमनगर थाने में ईडी ने दर्ज कराया था मुकदमा

जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खान के खिलाफ अब तक 16 मुकदमों में फैसला आ चुका है, जिसमें आठ में वह बरी हुए और इतने ही मुकदमों में सजा भी हुई। उनके खिलाफ मुकदमों की शुरुआत सात साल पहले हुई। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर साल 2019 से उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने शुरू हो गए थे।

सभी में आरोप पत्र लग चुके हैं और न्यायालय में सुनवाई चल रही है। एक मुकदमा इसी साल 13 अक्टूबर को ईडी ने अजीमनगर थाने में दर्ज कराया था। इसमें अभी उनका कस्टडी रिमांड नहीं बना है।

आजम खान के अब तक जिन मुकदमों में फैसला हुआ है, उसमें एक मुरादाबाद का है। 13 फरवरी 2023 को मुरादाबाद की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने आजम खान और अब्दुल्ला को छजलैट में हाईवे जाम करने के मामले में दो-दो साल की सजा सुनाई थी।

इसमें अब्दुल्ला की विधायकी चली गई थी। बाकी मामलों में रामपुर की अदालत से फैसले हुए। इनमें 27 अक्टूबर 2022 को मिलक कोतवाली में दर्ज भड़काऊ भाषण के मामले में उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी।

सजा के खिलाफ उन्होंने एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में अपील की थी। सजा के फैसले को सेशन कोर्ट ने निरस्त कर दिया था।

इसके बाद 15 जुलाई 2023 को भड़काऊ भाषण के एक दूसरे मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) ने आजम खान को दो साल कैद और ढाई हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। यह सजा शहजादनगर थाने में दर्ज मुकदमे में हुई थी।

इसमें सजा के खिलाफ उनकी अपील सेशन कोर्ट से खारिज हो चुकी है। दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 18 अक्टूबर 2023 को आजम खान, उनकी पत्नी पूर्व सांसद डाॅ. तजीन फातिमा और बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला को सात साल कारावास की सजा हुई थी। अब इसमें भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है।

23 दिसंबर 2023 को पड़ोसी से मारपीट के मामले में फैसला हुआ था, जिसमें आजम खान के अलावा उनके भाई सेवानिवृत्त इंजीनियर शरीफ खां, बेटे अब्दुल्ला और भतीजे बिलाल पुत्र शरीफ खां भी आरोपित थे।

सभी को न्यायालय ने आरोप साबित न होने पर बरी किया था। इसके बाद आजम खान के खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण के मामलों में फैसला आया। इनमें एक मामले में 31 जनवरी 2024 काे आए फैसले में न्यायालय ने आजम खान व अन्य को बरी कर दिया था।

18 मार्च 2024 को फिर डूंगरपुर प्रकरण के ही दूसरे मामले में आजम खान को सात साल कारावास की सजा सुनाई थी। इसके तीन दिन बाद 21 मार्च 2024 को डूंगरपुर के तीसरे मामले में फैसला आया, जिसमें आजम खान समेत सभी आरोपितों को बरी कर दिया गया।

इसके बाद 30 मई 2024 को डूंगरपुर प्रकरण के एक अन्य मुकदमे में फैसला आया, जिसमें उन्हें 10 साल के कारावास और 14 लाख रुपये जुर्माने की सजा हुई थी।

31 जुलाई 2024 को डूंगरपुर प्रकरण के ही एक अन्य मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) ने आजम खान समेत अन्य सात आरोपितों को बरी कर दिया।

11 नवंबर 2025 को भड़काऊ भाषण और चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में आजम खान को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया। यह मुकदमा सिविल लाइंस कोतवाली में तत्कालीन उप जिलाधिकारी सदर प्रेम प्रकाश तिवारी की ओर से दर्ज कराया गया था।

17 नवंबर 2025 को दो पैन कार्ड मामले में फैसला आया था। इसी मुकदमे में करीब एक साल जेल में रहे और 31 अक्टूबर को आजम व अब्दुल्ला रिहा हुए थे। जेल के बाहर से ही ईडी उन्हें फिर गिरफ्तार कर ले गई थी, जिसमें मंगलवार को हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है।

28 नवंबर 2025 को आजम खान को पूर्व सांसद अमर सिंह की बेटियों पर टिप्पणी करने के मामले में आरोप साबित न होने पर दोषमुक्त कर दिया था। 11 नवंबर 2025 को सेना को लेकर दिए विवादित बयान के आरोप से एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया।

18 दिसंबर 2025 को फिर भड़काऊ भाषण मामले में उन्हें एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से उन्हें राहत मिली है। आरोप साबित न होने पर उन्हें दोष मुक्त कर दिया गया है।

16 मई 2026 को आजम खान को जिलाधिकारी को तनखइया बोलने पर दो साल की सजा हुई। अब उनके खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण के मामले में जल्द फैसला आने की उम्मीद है। इसमें आजम खान के बचाव में गवाही चल रही है।

यह भी पढ़ें- UP Politics: आजम खान की राहत से बदला पश्चिमी यूपी का सियासी खेल, अब ओवैसी और चंद्रशेखर के लिए बढ़ी चुनौती!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।