विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Politics: आजम खान की राहत से बदला पश्चिमी यूपी का सियासी खेल, अब ओवैसी और चंद्रशेखर के लिए बढ़ी चुनौती!

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:01 AM (IST)

आजम खान को मिली राहत से समाजवादी पार्टी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं को अपने पाले में रखने ...और पढ़ें

आजम खान, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर

आजम खान, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर

HighLights

  1. मुस्लिम मतदाताओं को सपा में थामे रखने में आजम निभाएंगे अहम भूमिका

  2. सुप्रीम कोर्ट के फैसले से तजीन फातिमा के चुनाव लड़ने का रास्ता खुला

अनिल अवस्थी, रामपुर। हाई कोर्ट का फैसला आजम से अधिक समाजवादी पार्टी के लिए राहत लेकर आया है। प्रदेश के आगामी विधान सभा चुनाव में सपा को अब एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की काट मिल गई। मुस्लिम मतदाताओं को सपा में थामे रखने के लिए आजम खान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर की जुगलबंदी से सपा अपना नुकसान बचाने का प्रयास करेगी।

एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्र शेखर आजाद ने गठबंधन कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बना लिया है। दोनों के गठबंधन के एलान के बाद से समाजवादी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को अपने पाले में खींचने के भरसक प्रयास में जुटे हैं। मगर नया मोर्चा दलितों और अल्पसंख्यकों के मतदाताओं को उनसे दूर कर सकता है।

ऐसे में उन्हें खासकर पश्चिम उत्तर प्रदेश में आजम खान जैसे भारी-भरकम कद वाले साथी की बड़ी जरूरत थी। सियासी पंडितों का मानना है कि ऐसे में आजम खान को जमानत मिलना समाजवादी पार्टी को पश्चिम उप्र में नई ताकत देगा।

उनके समर्थकों में दोबारा उत्साह आएगा और संगठन सक्रिय हो सकता है। मुस्लिम राजनीति में सपा का प्रभाव बढ़ेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आजम खान की वापसी मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा की पकड़ मजबूत करने में मदद कर सकती है।

खासकर रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और बिजनौर जैसे क्षेत्रों में इसका असर दिख सकता है। आजम की वापसी से पार्टी के पुराने मुस्लिम नेतृत्व और नए नेतृत्व के बीच बेहतर तालमेल का संदेश जाएगा।

इन हालातों में सपा, कांग्रेस, बसपा और असदुद्दीन व चंद्रशेखर का गठबंधन अब नये सिरे से समीकरण तैयार करेगा। अब ओवैसी के लिए भी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की राह आसान नहीं होगी।

आजम की अहमियत को समझते हुए शिवपाल यादव ने 12 नवंबर को डासना जेल में उनसे मुलाकात के बाद कहा था कि आजम 2027 में सपा के लिए प्रचार करने को तैयार हैं।

वहीं, रामपुर जेल में खुद पार्टी मुखिया अखिलेश यादव आजम खान से मुलाकात करने आए थे। सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने बताया कि आजम खान की जेल से रिहाई चुनावों में नया कीर्तिमान रचेगा।

तजीन फातिमा संभालेंगी सियासी बागडोर

रामपुर। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर तजीन फातिमा सियासी बागडोर संभालेंगी। उन्हें सिर्फ अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में ही सात वर्ष कैद की सजा हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी है।

भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने गंज कोतवाली में तीन जनवरी 2019 को इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि आजम खान ने बेटे अब्दुल्ला के अलग-अलग जन्मतिथि से दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाए थे।

इसमें एक जन्म प्रमाण पत्र रामपुर नगर पालिका से बना था, जबकि दूसरा लखनऊ से बना था। 18 अक्टूबर 2023 को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) ने तीनों को सात-सात साल के कारावास की सजा सुनाई थी।

आजम ने सजा के खिलाफ हाइकोर्ट में अपील की थी जिस पर न्यायालय ने अंतरिम आदेश देते हुए उनकी सजा स्थगित कर दी थी। जबकि, जन्म प्रमाणपत्र पर तजीन फातिमा के हस्ताक्षर होने के कारण उन्हें और अब्दुल्ला को सिर्फ जमानत मिली थी।

हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ 7 दिसंबर 2024 को राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी। इसे मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। वहीं अब्दुल्ला और तजीन की सजा पर भी रोक लगा दी है।

ऐसे में तजीन फातिमा का चुनाव में उतरने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, आजम खान और अब्दुल्ला को अन्य मामलों में भी सजा हो चुकी है, इसलिए अभी वह चुनाव में हिस्सेदारी नहीं निभा सकते।

यह भी पढ़ें- '7 जवानों की शहादत का बदला लिया, अब दूसरों की बारी...' रामपुर हत्याकांड पर इस पोस्ट ने मचाई खलबली; झारखंड रवाना होगी पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।