'7 जवानों की शहादत का बदला लिया, अब दूसरों की बारी...' रामपुर हत्याकांड पर इस पोस्ट ने मचाई खलबली; झारखंड रवाना होगी पुलिस
रामपुर में आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद राहुल सिंह ने एक्स पर इसकी जिम्मेदारी ली ...और पढ़ें

राहुल सिंह के नाम से एक्स पर की गई पोस्ट
जागरण संवाददाता, रामपुर। आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या को लेकर एक्स पर एक पोस्ट से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। यह पोस्ट राहुल नाम के युवक द्वारा की गई है, जिसने हत्या की जिम्मेदारी ली है और इसे सात सीआरपीएफ जवानों की बलिदान का बदला बताया है।
साथ ही आतंकी हमले में शामिल दूसरे आरोपितों की भी बारी आने की बात लिखी है। पुलिस पोस्ट की जांच कर रही है। राहुल की तलाश में एक टीम झारखंड भी भेजने की तैयारी है। राहुल सिंह के लारेंस विश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है।
सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमले के मुकदमे में आरोपित मोहम्मद शरीफ की मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी। हत्या की घटना मंगलवार शाम साढ़े छह बजे खजुरिया थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हुई थी।
मृतक खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव के रहने वाला था। उसे साल 2007 में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे और उसके पांच साथियों को इस मामले में सजा हुई थी।
करीब एक साल पहले हाई कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। तब से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहा था। घटना के समय वह अपने बेटे वाहिद के साथ थाने में हाजिरी लगाकर घर जा रहा था। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।
इसी दौरान बुधवार को राहुल सिंह नाम के युवक ने अपने एक्स एकाउंट पर पोस्ट की, जिसमें जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखंड लिखा है। इसके बाद उसने सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात लिखी है।
कहा है कि कोर्ट से तो हमारे युवा भाइयों को इंसाफ नहीं मिला, लेकिन हमने आज इंसाफ कर दिया है। आतंकी हमले में और भी जो लोग शामिल थे, वो भी अपनी तैयारी कर लें।
जल्दी उनका भी नंबर आने वाला है। पोस्ट के बाद राहुल सिंह आजाद सरकार लिखा था। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पोस्ट को लेकर हमारी तकनीकी टीम जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: 2007 के CRPF हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने किया था बरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।