उत्तराखंड की रजत जयंती पर बदला दिखाई देगा धामी मंत्रिमंडल, मंत्रियों में भी हो सकता है बदलाव
उत्तराखंड में रजत जयंती वर्ष से पहले धामी मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावना है। पांच में से तीन-चार रिक्त पद भरे जा सकते हैं जबकि दो-तीन मंत्रियों को हटाया जा सकता है। मुख्यमंत्री धामी दिल्ली में भाजपा हाईकमान से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करेंगे। भाजपा हाईकमान क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखकर फैसले लेगी ताकि 2027 के चुनावों के लिए संदेश दिया जा सके।

रविंद्र बड़थ्वाल, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती की वर्षगांठ से पहले पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल बदला हुआ दिखाई पड़ेगा। मंत्रिमंडल में सदस्यों की वर्तमान संख्या तो बढ़ेगी ही, साथ में फेरबदल भी तय है। मंत्रिमंडल में रिक्त पांच में से तीन से चार स्थान भरे जा सकते हैं, जबकि दो से तीन मंत्रियों को फेंटा जा सकता है।
लगभग सप्ताहभर से विधायकों से लगातार मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गये। इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को भाजपा हाईकमान की हरी झंडी मिल सकती है।
पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल को लेकर भाजपा हाईकमान सावधानी बरत रहा है। बदलाव में वर्तमान मंत्रियों के प्रदर्शन, छवि, एंटी इनकंबेंसी को तो आधार बनाया जा सकता है, साथ में क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन को साधकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत संदेश देने की तैयारी है।
अगले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे नगर निकाय और पंचायत चुनाव के परिणाम के बाद धामी मंत्रिमंडल और सशक्त होकर उभरना तय माना जा रहा है। मंत्रिमंडल में कुल 12 में से पांच सीट रिक्त हैं। मुख्यमंत्री धामी समेत मंत्रिमंडल में सात सदस्य हैं।
इन रिक्त सीट के लिए विधायकों में कई दावेदार हैं। इनमें कुछ दावेदार भाजपा की पिछली सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। फेरबदल और विस्तार की इस प्रक्रिया में असंतोष भी नये सिरे से सिर उठा सकता है। ऐसे में असंतोष प्रबंधन को ध्यान में रखकर भाजपा हाईकमान रणनीति तैयार कर रहा है।
मंत्रिमंडल से पहले प्रदेश भाजपा यानी कप्तान महेंद्र भट्ट की नई टीम गठित कर दी जाएगी। इस टीम को भी आकार दिया जा रहा है। अगले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत संगठन की भूमिका को देखकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों एवं विधायकों की नजरें महत्वपूर्ण पदों पर है। संगठन में भी संतुलन साधने के लिए क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों पर अधिक जोर रहने वाला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विगत 21 अगस्त को तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए थे। शुक्रवार को वह दोबारा दिल्ली पहुंच गए हैं। तीन दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली में धामी केंद्रीय मंत्रियों से भेंट करेंगे। बताया जा रहा है कि धामी मंत्रिमंडल के नये स्वरूप को भाजपा हाईकमान की स्वीकृति मिल सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।