कैबिनेट निर्णयः उत्तराखंड में 8965 पंचायतें संभालेंगी ग्रामीण पेयजल योजनाएं और वसूलेंगी जल कर
उत्तराखंड कैबिनेट ने ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव की नीति को मंजूरी दे दी है।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के साथ ही इससे पहले बनी सभी पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की नीति को कैबिनेट ने अनुमोदित कर दिया। पूर्व में विचलन के माध्यम से इस नीति को स्वीकृति दी गई थी।
नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की 15 हजार पेयजल योजनाओं में से गुरुत्वाधारित 8965 एकल ग्राम पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव ग्राम पंचायत की पेयजल एवं ग्राम स्वच्छता समिति के माध्यम से होगा।
नीति के अनुसार ग्राम पंचायतें इसके दृष्टिगत जल कर भी वसूल सकेंगी, जिसका उपयोग योजनाओं के संचालन व रखरखाव में किया जाएगा। इसके लिए उन्हें छूट दी गई है कि वे जल संस्थान की ओर से निर्धारित दरों को अपनाएं या फिर अपने क्षेत्र की स्थिति के हिसाब से इसे कम-ज्यादा भी कर सकती हैं।
एकल गांव की जिन पेयजल योजनाओं का स्रोत पांच किलोमीटर या इससे अधिक दूर है, उसका संचालन व रखरखाव जल निगम अथवा जल संस्थान करेगा। यदि किसी गांव की पेयजल योजना पंपिंग या ट्यूबवैल आधारित है तो उसका संचालन व रखरखाव भी संबंधित कार्यदायी संस्था ही करेगी। समूह पेयजल योजनाएं जल संस्थान व पेयजल निगम के जिम्मे ही रहेंगी।
पदोन्नति व एकीकरण पर मंत्रिमंडलीय उपसमिति लेगी निर्णय
राजस्व विभाग के अंतर्गत राजस्व निरीक्षक (सुपरवाइजर कानूनगो) और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पटवारी-लेखपाल की पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर करने और राजस्व निरीक्षक व रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों को एकीकृत कर राजस्व उप निरीक्षक करने के साथ ही नायब तहसीलदार व सहायक भूलेख अधिकारी पदों पर पदोन्नति के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में चर्चा हुई।
इस सिलसिले में उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (राजस्व निरीक्षक) सेवा नियमावली तैयार करने के संबंध में मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भवन निर्माण मानक और भू-उपयोग शुल्क हुए आसान, कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी
यह भी पढ़ें- पूरी होगी बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग, उत्तराखंड कैबिनेट ने दी मंजूरी