विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड कैबिनेट: महिलाओं, युवाओं और कामगारों को धामी सरकार की बड़ी सौगात, वन आरक्षी भर्ती में बढ़ाई आयु सीमा

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:43 PM (IST)

धामी सरकार ने कैबिनेट बैठक में महिलाओं, युवाओं और कामगारों को बड़ी राहत दी है। आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया गया, वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी और सामाजिक सुरक्षा नियमों को मंजूरी मिली।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार ने महिलाओं, कामगारों व युवाओं को बड़ी राहत देने के साथ ही पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाओं और आमजन से जुड़े विषयों पर ध्यान केंद्रित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों में यह झलक दिखाई दी।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी की गई है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं, भोजन माताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।

संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों की सामाजिक सुरक्षा की चिंता की गई है, जबकि वन आरक्षी पदों के लिए आयु सीमा दो वर्ष बढ़ाने के साथ ही अन्य विभागों में पद सृजन कर युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोले गए हैं।

कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि कैबिनेट में 25 प्रस्ताव रखे गए थे, जिन्हें चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत 12,000 आशा कार्यकर्ताओं की लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कैबिनेट ने पूरी कर दी।

आशा कार्यकर्ताओं को अब 5000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। अभी उन्हें 3300 रुपये मानदेय मिलता है, जबकि एनएचएम के तहत 5000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि अतिरिक्त मिलती है। बता दें कि मुख्यमंत्री धामी ने हाल में ही आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं, भोजन माताओं व अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की थी।

युवाओं के लिए तमाम विभागों में अवसर

वन विभाग में अब 31 दिसंबर, 2028 तक वन आरक्षी पदों की सीधी भर्ती के लिए आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने को अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है।

इसके अलावा आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त व सहायक आबकारी आयुक्त के 11 नवीन पदों के सृजन, सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी देते हुए इसमें सहायक प्रोग्रामर, सहायक निदेशक, आईटी विशेषज्ञ समेत अन्य पदों के सृजन और कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट एलोपैथिक के सीधी भर्ती के पदों के लिए शैक्षिक योेग्यता में डी फार्मा के अतिरिक्त बी फार्मा को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है।

गिग व प्लेटफार्म वर्कर्स को भी सामाजिक सुरक्षा

राज्य में संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हितों की रक्षा के दृष्टिगत सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पहली बार गिग व प्लेटफार्म वर्कर्स को वैधानिक मान्यता देते हुए उन्हें भी इस नियमावली के लाभ के दायरे में लाया गया है।

कामगारों के लिए ग्रेच्युटी, प्रतिष्ठानों में महिला कार्मिकों के लिए मातृत्व हितलाभ व क्रेच सुविधा समेत अन्य प्रविधान किए गए हैं। यही नहीं, कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष भी गठित किया जाएगा।

पहाड़ में दो साल सेवाएं देंगे पीजी करने वाले डॉक्टर

पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कैबिनेट ने अहम निर्णय लिया है। राज्य के राजकीय मेडिकल कालेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेशित छात्रों को दो साल अनिवार्य रूप से दुर्गम व पर्वतीय क्षेत्रों में राजकीय सेवा करनी हाेगी। इसके लिए उन्हें राजकीय सेवा संबंधी बांड भरना अनिवार्य होगा।

बापूग्राम, बिंदुखत्ता व बग्गा चौवन को मिल सकती है राहत

वन भूमि पर बसे बापूग्राम (देहरादून), बिंदुखत्ता (नैनीताल) व बग्गा चौवन (ऊधम सिंह नगर) के निवासियों की सरकार चिंता कर रही है। इन गांवों की राहत देने के लिए 4410 हेक्टेयर वन भूमि को अनारक्षित करने पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति जताते हुए इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का निश्चय किया है।

वन विभाग को प्रस्तावक विभाग बनाया गया है। केंद्र से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर इन गांवों के राजस्व ग्राम का रास्ता साफ होगा, जिसकी मांग वहां के निवासी लगातार उठाते आ रहे हैं।

राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण को बनेगी प्रक्रिया

कैबिनेट ने राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण को लेकर प्रक्रिया बनाने पर सहमति प्रदान कर दी है। इसके तहत चिह्नित होने से वंचित रह गए राज्य आंदोलनकारियों को चिहि्नत करने के लिए व्यवस्थित प्रक्रिया तैयार की जाएगी, ताकि पात्र आंदाेलनकारियों को उनका उचित सम्मान व लाभ मिल सके। प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद से आंदोलनकारियों का चिह्नीकरण नहीं हो पाया है।

निर्माण कार्यों में वित्तीय भार होगा कम

एक अहम निर्णय के तहत कैबिनेट ने कार्यदायी संस्थाओं के ठेकेदारों से बढ़ी हुई रायल्टी की दराें पर रायल्टी वसूलने पर रोक लगा दी है। रायल्टी बढ़ने से निर्माण दरों के बढ़ने की संभावना बन गई थी। ऐसे में अब निर्माण कार्यों में पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार को कम करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भवन निर्माण मानक और भू-उपयोग शुल्क हुए आसान, कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में 21 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दौड़ेगी पॉड टैक्सी, बनेंगे 21 स्टेशन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।