विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में 21 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दौड़ेगी पॉड टैक्सी, बनेंगे 21 स्टेशन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:33 PM (IST)

हरिद्वार में आवागमन को सुगम बनाने के लिए 'हरिद्वार दर्शन' पाड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसके तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन बनेंगे।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। हरिद्वार में आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से विकसित होने वाली इस पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) के तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर बनेंगे।

इन पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हास्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा।

इस पर चार स्टेशन होंगे। तीसरा कारिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी।

परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अलावा निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि पांच साल के लिए चिह्नित की गई है।

पीजी डाक्टरों को दो साल दुर्गम में देनी होगी सेवा

राजकीय मेडिकल कालेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा का बांड अनुमन्य करने पर कैबिनेट ने सहमति दी है। पीजी पूरी करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में दो साल अनिवार्य सेवा देनी होगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी।

बीफार्मा डिग्रीधारकों के लिए भी खुलेंगे भर्ती के रास्ते

कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) के सीधी भर्ती पदों के लिए अब डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता भी मान्य होगी। कैबिनेट ने सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी है।

चार चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

पेराई सत्र 2026-27 में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति दी जाएगी। इससे मिलों को पेराई सत्र के दौरान वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

एक्स-रे टेक्नीशियनों की सेवा शर्तों में संशोधन

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियनों की भर्ती और नियुक्ति से जुड़ी सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई है।

काम शुरू नहीं करने पर एनएचआईडीसीएल पैनल से बाहर

राज्य के पांच जिलों में आटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग के निर्माण कार्य आवंटित होने के बावजूद लंबे समय तक काम शुरू नहीं करने पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया है। संस्था को जारी धनराशि के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने को इसका आधार बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में शुष्क रहेगा मौसम, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे की चेतावनी

यह भी पढ़ें- हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर पर बड़ा अपडेट; एक महीने में धरातल पर दिखेंगे काम, हजारों को मिलेगा रोजगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।