विकास रिपोर्ट कार्ड: दोगुना हुआ उत्तराखंड का वार्षिक बजट, धामी सरकार के राज में खनन राजस्व भी बढ़ा
उत्तराखंड में धामी सरकार ने अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है, जिसमें वार्षिक बजट 1.19 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और खनन राजस्व में भी वृद्धि हुई है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में धामी सरकार ने विकास, आर्थिक प्रबंधन और जनकल्याण के मोर्चे पर अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। प्रदेश का वार्षिक बजट बढ़कर 1.19 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। खनन सुधारों के बाद राजस्व 300 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ रुपये हो गया है।
उत्तराखंड जीइपी सूचकांक 2024 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना, नीति आयोग के पर्यावरण संबंधी एसडीजी लक्ष्यों में प्रदेश को पहला व फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2026 में हिमालयी राज्यों के बीच दूसरा स्थान मिला।
जन-जन के द्वार अभियान में पांच लाख से अधिक लोगों को लाभ
सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत 681 शिविर लगाए गए। पांच लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला, 33 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान और 74 हजार से अधिक सेवा आवेदनों पर कार्रवाई की गई। अपणि सरकार पोर्टल पर 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं।
250 से अधिक सरकारी कार्यालय ई-आफिस से जुड़े और 90 हजार से अधिक फाइलों का आनलाइन संचालन हुआ। भ्रष्टाचार के खिलाफ हेल्पलाइन 1064 के जरिए कार्रवाई करते हुए 116 अधिकारियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
प्रदेश में एक लाख से अधिक आवास बने
बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर प्रदेश में एक लाख से अधिक आवास बनाए गए और करीब चार लाख लोगों को पक्के घर मिले। जल जीवन मिशन के तहत 12 लाख से अधिक नल कनेक्शन, उज्ज्वला में पांच लाख से अधिक गैस कनेक्शन और स्वच्छ भारत मिशन में पांच लाख से अधिक शौचालय बनाए गए।
60 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। हर महीने नौ लाख से अधिक लाभार्थियों को 145 करोड़ रुपये पेंशन सीधे खातों में भेजी जा रही है। बुजुर्ग पति-पत्नी दोनों को 1500-1500 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है।
आपदा प्रबंधन के लिए 130 करोड़ रुपये दिए
आपदा प्रबंधन के लिए सभी जिलों को 130 करोड़ रुपये दिए गए। वर्ष 2025 की बाढ़ के लिए केंद्र से 1200 करोड़ रुपये की सहायता मिली। मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि दी गई। सरकार ने रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत वृद्धि का दावा भी किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।