उत्तराखंड में बीएलए तैनाती पर भाजपा और कांग्रेस में चुनावी मुकाबला
उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती में भाजपा 18 विधानसभा क्षेत्रों में आगे है, जबकि कांग्रेस 12 क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के बीच बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच चुनाव से पहले का मुकाबला दिलचस्प नजर आ रहा है।
प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में से 18 पर भाजपा ने कांग्रेस के मुकाबले अधिक बीएलए तैनात किए हैं, जबकि 12 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस इस मामले में आगे है। निर्वाचन आयोग की ओर से राजनीतिक दलों को बूथ स्तर पर अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करना और किसी भी तरह की त्रुटि अथवा विसंगति को समय रहते सामने लाना है। बीएलए बूथ स्तर पर मतदाता सूची की निगरानी करने के साथ ही छूटे हुए पात्र मतदाताओं और संशोधन से जुड़े मामलों को चिह्नित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसी क्रम में भाजपा और कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक नेटवर्क के माध्यम से बूथ स्तर पर नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज की है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 18 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने अधिक संख्या में बीएलए तैनात कर बढ़त बनाई है।
वहीं, कांग्रेस 12 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा से आगे निकलने में सफल रही है। इन क्षेत्रों में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर की विधानसभा सीटों की संख्या अधिक है। इससे मैदानी क्षेत्रों में दोनों दलों की संगठनात्मक सक्रियता का अंदाजा भी लगाया जा सकता है।
हालांकि, 40 विधानसभा क्षेत्रों में दोनों ही दलों ने समान बीएलए नामित कर रखे हैं। ऐसे में यहां दोनों राजनीतिक दलों के सामने बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की चुनौती बनी हुई है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में बीएलए की भूमिका को देखते हुए आने वाले दिनों में उनकी तैनाती को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।
इन सीटों पर भाजपा के अधिक बीएलए
यमुनोत्री, गंगोत्री, सहसपुर, राजपुर, कैंट, ऋषिकेश, हिरद्वार, झबरेड़ा, रुड़की, धारचूला, डीडीहाट, गंगोलीहाट, भीमताल, नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी, रुद्रपुर व नानकमत्ता।
इन सीटों पर कांग्रेस के अधिक बीएलए
चकराता, विकासनगर, ज्वालापुर, भगवानपुर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, जसपुर, काशीपुर, गदरपुर व खटीमा।
यह भी पढ़ें- 'पार्टी में मुझसे खूबसूरत कई लोग', उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के CM चेहरे के सवाल पर हरीश रावत
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी ये पार्टी, कर दिया ऐलान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।