Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Mission 2027: उत्तराखंड भाजपा की नई कार्यकारिणी का गठन अगले हफ्ते संभव, दिल्ली में हुई चर्चा

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 10:14 AM (IST)

    उत्तराखंड भाजपा की प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन अगले हफ्ते संभावित है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को नामों का पैनल सौंपा है। मिशन-2027 को केंद्र में रखकर नई टीम बनेगी। दिल्ली में हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई जिसमें सांसदों की भूमिका पर जोर दिया गया। पंचायत चुनाव के नतीजों और विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर भी बात हुई। सांसदों से सुझाव मांगे गए।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में दिल्ली में चर्चा की गई। साभार:भाजपा

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड भाजपा की प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन अगले हफ्ते संभव है। राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रांतीय पदाधिकारियों के नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दिया है। भट्ट ने इसकी पुष्टि की और कहा कि मिशन-2027 को केंद्र में रखकर नई टीम गठित की जाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही प्रांतीय टीम का एलान कर दिया जाएगा। उधर, दिल्ली में भट्ट के निवास पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी सांसदों की बैठक में भी इस विषय को लेकर चर्चा हुई। इस अवसर पर सांगठनिक दृष्टि से आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इनमें सांसदों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

    दिल्ली में हुई बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी गौतम व मुख्यमंत्री धामी के अलावा प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह शामिल हुए।

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार बैठक में मौजूदा पंचायत चुनाव के शानदार नतीजों के साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। पंचायत चुनाव में अभूतपूर्व सफलता को लेकर सांसदों ने सरकार और संगठन के समन्वय को सराहा। बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी विमर्श किया गया। राज्य में चल रहे जनकल्याणकारी कार्यों और हाल में संपन्न हुए विधानसभा के मानसूत्र की कार्यवाही की जानकारी सांसदों से साझा की गई।

    ये कार्यक्रम किए गए तय 

    • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलेगा सेवा सप्ताह।
    • पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को बूथ स्तर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम।
    • भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्षों व ब्लाक प्रमुखों का मुख्यमंत्री धामी के साथ उनके आवास पर होगा संवाद।
    • भाजपा के अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार आयोजित होगा संवाद।
    • पांचों लोकसभा क्षेत्रों में होगा सांसद खेल महाकुंभ। इसके लिए 29 सितंबर से होंगे पंजीकरण।

    बेहतरी के लिए सांसदों से मांगे सुझाव 

    भाजपा के प्रदेश प्रभारी गौतम ने मीडिया से बातचीत में सांसदों के साथ पार्टी व मुख्यमंत्री की बैठक को सामान्य मुलाकात बताया। उन्होंने कहा कि आपदाग्रस्त उत्तराखंड में सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं, इसकी जानकारी दी गई। साथ ही आगे और क्या बेहतर हो सकता है, इस बारे में सांसदों से सुझाव लिए गए।

    वरिष्ठ नेता त्रिवेंद्र नाराज नहीं हो सकते

    हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कुछ देर बाद ही बैठक से चले जाने को लेकर पूछे जाने पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि त्रिवेंद्र पार्टी के इतने वरिष्ठ नेता हैं कि वे कभी नाराज नहीं हो सकते। साथ ही उन्होंने कहा कि सांगठनिक व्यवस्था व निजी कार्यक्रमों के चलते कुछ सांसद बाहर हैं, इसलिए वे बैठक में नहीं आ पाए।