Move to Jagran APP

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में सीएम धामी बोले; नमो के नेतृत्व में उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है देश

Uttarakhand Assembly Election 2022भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रविवार से देहरादून में प्रारंभ हो गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेत़ृत्व में देश हर क्षेत्र में उत्तरोतर प्रगति कर रहा है।

By Raksha PanthriEdited By: Published: Sun, 26 Sep 2021 12:06 PM (IST)Updated: Sun, 26 Sep 2021 10:34 PM (IST)
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में सीएम धामी बोले; नमो के नेतृत्व में उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है देश
भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय बैठक शुरू, चुनावी रणनीति समेत इन मुद्दों पर होगा मंथन।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Assembly Election 2022 भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रविवार से देहरादून में प्रारंभ हो गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेत़ृत्व में देश हर क्षेत्र में उत्तरोतर प्रगति कर रहा है। बीते सात सालों में देश में इतने काम हुए हैं कि भूतो न भविष्यति। ऐसे कार्य हुए हैं, जो वर्षों से रुके हुए थे। ये सात साल पिछले 60 वर्षों पर भारी हैं।

loksabha election banner

स्थानीय एक होटल में आयोजित कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो सिर्फ देश के बारे में सोचती है। उन्होंने कहा कि देश में तीन तरह की विचारधाराएं है। इनमें वामपंथियों का काम सिर्फ विरोध के लिए विरोध करना है। कांग्रेस का अपना कोई विचार नहीं है। समझौते, तुष्टिकरण और व्यक्तिगत हित साधना ही कांग्रेस का कार्य है। उन्होंने कहा कि तीसरी पार्टी राष्ट्रवादी भाजपा है। भारत को दुनिया में शक्तिशाली देश बनाने के साथ ही सभी वर्गों के हितों के लिए भाजपा कार्य कर रही है। मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार मुस्तैदी से जुटी है। सेना को भी सरकार ने सशक्त किया है। पूर्व में कहा जाता था कि चीन की सेना हमसे ज्यादा मजबूत है, लेकिन आज मोदी सरकार ने इस मिथक को तोड़ने का काम किया है। गलवन की घटना इसकी तस्दीक करती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बनने के बाद भारत गौरवशाली, शक्तिशाली व आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उन्होंने केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य में मातृशक्ति व युवा शक्ति को सशक्त बनाने पर फोकस किया गया है। उत्तराखंड को संत समाज के सहयोग और सरकार के समन्वय से विश्व की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक राजधानी बनाने का लक्ष्य है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं महिला मोर्चा के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि हम अखंड भारत के सपने को लेकर चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका में कहा कि उनकी सरकार नजरें झुकाकर व उठाकर नहीं, बल्कि नजरें मिलाकर बात करेगी। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्ति दिलाई है। कश्मीर का जो भाग पाकिस्तान के कब्जे में है, पाकिस्तान को उसे खाली करना चाहिए। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए भारत एक माटी का टुकड़ा हो सकता है, लेकिन हमारे लिए भारत माता है। उन्होंने देश के विभाजन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कांग्रेस व भाजपा में फर्क को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो लोग राम मंदिर व रामसेतु के अस्तित्व को नकारते थे, आज उन्हें कहना पड़ रहा है कि वे हिंदू हैं। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्मी की शक्ति घटी होती तो सोनिया गांधी शक्तिशाली महिलाओं की सूची में नहीं आती।

यह भी पढ़ें- मंत्री यशपाल आर्य से मिलने पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, जानिए मुलाकात के बाद वे क्या बोले

उन्होंने कहा कि पूर्व में राहुल गांधी व अरविंद केजरीवाल ने एयर स्ट्राइक पर सुबूत मांगे थे। क्या ऐसे लोगों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान से लड़ाई लड़ी है। आज लड़ाई उन जयचंदों से है, जो देश के विरोध में काम कर रहे हैैं। इनसे बचने की जरूरत है।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार और संगठन जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केंद्रीय नेताओं के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा ने बेहतर कार्य किया है। इस कड़ी में उन्होंने कोरोनाकाल में मोर्चा द्वारा किए गए कार्यों का जिक्र किया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकारों की महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भविष्य व श्रेष्ठता की सोच सिर्फ भाजपा में ही है। भाजपा ही पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं का सम्मान करती है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं में अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस और न्याय के लिए लडऩे की ताकत होती है। सभी लोग इस भावना को जीवित रखें और चुनाव में इसका इस्तेमाल करें। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए मोर्चा तैयार है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री दर्शना जरदोश, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र कौर थांडी, राष्ट्रीय महामंत्री सुखप्रीत कौर, राष्ट्रीय सचिव रेखा कुमारी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कांता नलवाड़े, राज्य की महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्य, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह आदि मौजूद थे। संचालन राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत ने किया।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल बोले, टैबलेट और स्मार्ट फोन खरीद में गड़बड़ी का अंदेशा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.