मसूरी से नैनीताल तक फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बन रहा उत्तराखंड, सात दिन में मिलता है शूटिंग का क्लियरेंस
उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बन रहा है, जहां अक्षय कुमार और जाह्नवी कपूर जैसी हस्तियां शूटिंग ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। बड़ी फिल्म परियोजनाओं की शूटिंग के लिए उत्तराखंड की बढ़ती पसंद राज्य को फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं को मजबूत कर रही है। इन दिनों मसूरी और लंढौर में अभिनेता अक्षय कुमार, जबकि नैनीताल में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर शूटिंग कर रही हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य, पर्वतीय भू-दृश्य और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध इन क्षेत्रों में फिल्म निर्माताओं की बढ़ती रुचि से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार फिल्म नीति के तहत सुविधाजनक वातावरण विकसित कर रही है। सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम के माध्यम से शूटिंग संबंधी अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिन में शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था से फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलती है। इससे उत्तराखंड बीते कुछ समय से फिल्म निर्माताओं की बड़ी पसंद के रूप में सामने आया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।
सरकार फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया सरल बनाने और स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर देने पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलती है। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
