उत्तराखंड में मंगलवार को हादसों का दिन, अलग-अलग छह सड़क दुर्घटनाओं में 18 की मौत
मंगलवार को उत्तराखंड में छह अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 18 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक ...और पढ़ें

HighLights
टिहरी गढ़वाल बस दुर्घटना में नौ लोगों की दुखद मौत।
मंगलवार को उत्तराखंड में छह सड़क हादसों में 18 मरे।
राज्यभर में 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
राहुल चौहान, देहरादून। उत्तराखंड के लिए मंगलवार का दिन बहुत ही घातक साबित हुआ है। दरअसल, आज राज्य में अलग-अलग जगहों पर हुई 6 सड़क दुर्घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।
सड़क हादसा नंबर-1
इनमें सबसे बड़ी सड़क दुर्घटना टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती इलाके में खाई में गिरी बस दुर्घटना है। बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के नजदीक 100 फीट गहरी खाई में बस गिरने के कारण इस भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस तरह नौ लोगों ने इस बस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। इनमें चालक और परिचालक की भी मौत हो गई। बस में कुल 34 लोग सवार थे। इनमें से 25 लोग घायल हैं।

सड़क हादसा नंबर-2
वहीं, दूसरे सड़क हादसे की बात करें तो जनपद टिहरी गढ़वाल की उप तहसील पावकी देवी के अंतर्गत बांसकाटल क्षेत्र में एक यूटिलिटी वाहन के 60 फीट गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।
सड़क हादसा नंबर-3
जनपद टिहरी गढ़वाल के ही शिवपुरी क्षेत्र में एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने से स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक की उम्र 25 व दूसरे की 32 वर्ष बताई गई है।

सड़क हादसा नंबर-4
टिहरी गढ़वाल जिले की तहसील बालगंगा (घनसाली) के अंतर्गत चमियाला-बूढ़ा केदार मोटर मार्ग पर भटेड़ी बैंड के नजदीक एक स्कूटी और एक ट्रक में भिड़ंत होने से स्कूटी सवार 35 वर्षीय युवक सुरेंद्र की मौत हो गई।
सड़क हादसा नंबर-5
उधर रुद्रपुर में शहर के गाबा चौक के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय प्रताप बाइक से जा रहा था। इसी दौरान गाबा चौक के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
सड़क हादसा नंबर-6
देर रात 9.15 बजे रुद्रप्रयाग जिले के तहसील ऊखीमठ के कंडारा मोहन मार्ग पर हनुमान मंदिर के नजदीक पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन खाई में गिर गया है। वाहन में लगभग 09-10 व्यक्तियों के सवार होने की सूचना प्राप्त हुई।
रात भर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में 04 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 06 व्यक्ति घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 02 घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 04 घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में शादी का सामान छोड़कर लौट रहे ग्रामीणों का वाहन खाई में गिरा, एक की मौत; सात जख्मी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।