ISRO से मिलकर केदारघाटी की डिजिटल मैपिंग करेगा यूकाडा, शुरू होंगी नई हेली सेवाएं
मुख्यमंत्री धामी ने नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा करते हुए चारधाम के लिए नियमित चार्टर सेवा शुरू करने के निर्देश दिए। यूकाडा इसरो के साथ मिलकर केदारघाटी की डिजिटल मैपिंग करेगा जिससे हेली उड़ानों को सुरक्षित बनाया जा सकेगा। सीमांत क्षेत्रों में सेना के साथ मिलकर हेलीपैड भी तैयार किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कई नई हेली सेवाएं शुरू करने की भी योजना है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गनाइजेशन (इसरो) के साथ मिलकर केदारघाटी की डिजिटल मैपिंग करेगा।
इससे न केवल हेली उड़ानों को नियंत्रित और सुरक्षित बनाया जा सकेगा बल्कि यह आपदा प्रबंधन में भी खासी सहायक साबित होगी। इसके साथ ही यूकाडा सीमांत क्षेत्रों में सीमाओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूती देने के लिए सेना के साथ मिलकर हेलीपैड भी तैयार करेगा।
मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागरिक उड्डयन विभाग की गेमचेंजर योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के चारधाम के लिए चार्टर सर्विस शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए हेली सेवाओं का नेटवर्क बढ़ाया जाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने हवाई सेवाओं में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे ने बताया कि विभाग पवन हंस कंपनी के साथ चार्टर योजना शुरू किया जाना प्रस्तावित है। इस सेवा के शुरू होने से न केवल आर्थिक विकास होगा बल्कि इसे रोजगार के अवसर बढऩे के साथ ही आपात स्थिति में राहत कार्यों में मदद मिल सकेगी।
इसरो के सहयोग से केदारघाटी की डिजिटल मैपिंग होने से सटीक हवाई पथ निर्धारित करने में मदद मिलेगा। साथ ही इससे खराब मौसम में हवाई सेवा प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
नई हेली सेवाएं होंगी शुरू
बैठक में बताया गया कि यूकाडा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत देहरादून-जोशीमठ, जोशीमठ-बदरीनाथ के बीच शटल सेवा और पिथौरागढ़-धारचूला, पिथौरागढ़-मुनस्यारी के बीच हेली सेवा शुरू करेगा।
आदि कैलास क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गुंजी तक भी हेली सेवा शुरू करना प्रस्तावित है। केदारनाथ में हेली सेवा मजबूत करने के लिए गुरुड़चट्टी के पास अतिरिक्त हेलीपैड बनाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।