कबाड़ की आड़ में चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार Dehradun News
कैंट पुलिस ने गोरखा रायफल्स के घंगोड़ा छावनी क्षेत्र से कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित कबाड़ बीनने की आड़ में चोरी करती थीं।
देहरादून, जेएनएन। कैंट पुलिस ने गोरखा रायफल्स के घंगोड़ा छावनी क्षेत्र से कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित कबाड़ बीनने की आड़ में चोरी करती थीं। गिरफ्तार महिलाओं में से दो के खिलाफ राजपुर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि गोरखा राइफल्स के घंगोड़ा स्थित परिसर में तीन महिलाएं कबाड़ बीनने की आड़ में घुस गईं। बिना अनुमति के सैन्य क्षेत्र में घुसी महिलाओं को सुरक्षा में लगे सैनिकों ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान महिलाओं के पास से कीमती सामान भी बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें: करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में एक आरोपित गिरफ्तार, Dehradun News
गोरखा रायफल्स की तरफ से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कैंट पुलिस ने तीनों महिलाओं को हिरासत में लिया और कोतवाली ले आई। जहां महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वह लंबे समय से दून में कबाड़ की आड़ में बंद घरों और सुनसान इलाकों से से चोरी करती हैं।
यह भी पढ़ें: वाहन बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य धरे Dehradun News
उन्होंने बताया कि आरोपित महिलाओं के खिलाफ सेना के हवलदार श्रीप्रसाद थापा की तरफ से तहरीर दी गई। इसके बाद महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम रीता, गीता और ललिता निवासी बिंदाल बस्ती, गोविंदगढ़ बताया है। इसमें रीता और ललिता के खिलाफ राजपुर थाने में 2018 में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: दूसरे की जमीन दिखाकर नौ लाख रुपये ठगे, पुलिस ने दर्ज किया मामला Dehradun News