विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्‍तराखंड : 23 मार्च को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, परेड मैदान के चारों तरफ रहेगा जीरो जोन

By Edited By:
Published: Mon, 21 Mar 2022 08:44 PM (IST)Updated: Tue, 22 Mar 2022 09:28 AM (IST)

23 मार्च को देहरादून के परेड ग्राउंड में उत्‍तराखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। शपथ ग्रहण ...और पढ़ें

देहरादून के परेड ग्राउंड में होगा उत्‍तराखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह
देहरादून के परेड ग्राउंड में होगा उत्‍तराखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह

जागरण संवाददाता, देहरादून : 23 मार्च को देहरादून के परेड ग्राउंड में उत्‍तराखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पहुंचने की संभावना है। 

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के लिए परेड ग्राउंड होगा तैयार

भाजपा की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश करने के साथ ही सरकार के गठन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री व मंत्रियों की शपथ के बाद नई सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाना है। लिहाजा, जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह के लिए परेड ग्राउंड में आवश्यक व्यवस्था करने के दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। हालांकि, अभी शासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। इसके चलते अभी यह तय नहीं हो पाया है कि कितने मंच स्थापित किए जाएंगे। 

शपथ ग्रहण समारोह के लिए वृहद स्तर पर आमंत्रण पत्र प्रेषित किए जाने हैं। अतिथियों की सूची तैयार की जा रही है। इसको लेकर उच्च स्तर से परामर्श भी प्राप्त किया जा रहा है।

शासन के दिशा-निर्देश की प्रत्याशा में सभी तरह की संभावित तैयारी शुरू की जा चुकी है। मंगलवार तक सभी अधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी। ताकि परेड ग्राउंड की व्यवस्था को चाक चौबंद बनाया जा सके। इसके लिए पुलिस के साथ भी समन्वय बनाया जा रहा है। 

आयोजन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी

ऐसे में पुलिस ने बुधवार को परेड ग्राउंड के चारों तरफ जीरो जोन घोषित किया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के आगमन को देखते हुए यातायात का संभावित प्लान भी जारी किया है। हालांकि पुलिस के पास अभी वीआइपी शेड्यूल नहीं आया है। फिर भी आयोजन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 

संभावित प्लान के तहत कनक चौक, लैंसडौन चौक, कान्वेंट जीसस एंड मैरी चौक, रोजगार तिराहा, डूंगा हाउस तिराहा, पंप हाउस तिराहा से वाहन नहीं गुजरेंगे। इसके अलावा सर्वे चौक से कोई भी वाहन परेड ग्राउंड की ओर नहीं जाएगा। वाहनों को आराघर, बेनी बाजार की ओर भेजा जाएगा। 

बुद्धा चौक व दर्शनलाल चौक से कोई भी वाहन परेड ग्राउंड की ओर नहीं जाएगा, इन वाहनों को घंटाघर व तहसील चौक की ओर भेजा जाएगा। ओरिएंट चौक और पैसेफिक तिराहे से कोई भी वाहन परेड ग्राउंड की ओर नहीं जाएगा। इस रूट के वाहनों को घंटाघर से दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा।

यह रहेगी पार्किंग व्यवस्था 

- ऋषिकेश, टिहरी, थानो, रायपुर से आने वाले वाहन सहस्रधारा चौक तक आ सकेंगे। यहां सवारी उतारने के बाद सहस्रधारा क्रासिंग से थाना रायपुर से पूर्व नानकसर गुरुद्वारा के पास स्थित मैदान में वाहनों को पार्क किया जाएगा। 

- हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को रिस्पना पुल से धर्मपुर की तरफ भेजा जाएगा। यहां वाहन बन्नू स्कूल मैदान और गुरुनानक इंटर कालेज मैदान में खड़े होंगे। पार्किंग भर जाने की स्थिति में वाहनों को रिंग रोड स्थित न्यू भाजपा कार्यालय मैदान में खड़ा कराया जाएगा। 

- चकराता, विकासनगर से आने वाली बसें सवारियों को बिंदाल पुल पर उतारकर द दून स्कूल के सामने खाली भूमि पर पार्क होंगी। छोटे वाहन बिंदाल चौक से दाहिने मुड़ते हुए तिलक रोड स्थित नगर स्वास्थ्य केंद्र, पूर्व कार्यालय हेमवती नंद बहुगुणा गढ़वाल विवि के निकट मैदान में पार्क होंगे।

- रुड़की एवं सहारनपुर से आने वाली बसों को सहारनपुर चौक पर रोका जाएगा। ये सभी बसें हिंदू नेशनल इंटर कालेज, लक्ष्मण चौक में पार्क होंगी। 

- मसूरी की ओर से आने वाले वाहन सवारियों को दिलाराम चौक पर उतारकर न्यू कैंट रोड स्थित सर्वे आफ इंडिया, हाथीबड़कला के मैदान में खड़े होंगे।

- सांसद, मंत्री, विधायक व वीआइपी के वाहनों की एंट्री सर्वे चौक से होगी और पार्किंग रेंजर्स मैदान में रहेगी। 

यहां भी रहेगी पार्किंग सुविधा

- मंगला देवी पार्किंग

- पुराना बस अड्डा

- श्रीनिवास वेडिंग प्वाइंट

- लार्ड वेंकटेश्वर वेडिंग प्वाइंट

विक्रमों के लिए यह रहेगा रूट प्लान

- एक नंबर रूट : राजपुर रोड के सभी विक्रम बहल चौक से यू-टर्न लेकर वापस होंगे। 

- दो नंबर रूट : रायपुर रूट के सभी विक्रम सहस्रधारा क्रासिंग से वापस कर दिए जाएंगे।

- तीन नंबर रूट : धर्मपुर रूट के सभी विक्रम धर्मपुर चौक से आराघर टी जंक्शन से वापस रिस्पना की ओर भेजे जाएंगे।

- पांच व आठ नंबर रूट : आइएसबीटी रूट के सभी विक्रम रेलवे गेट से वापस कर दिए जाएंगे। प्रेमनगर रूट के सभी विक्रम प्रभात कट से वापस होंगे। 

सिटी बसों के लिए रूट

- आइएसबीटी से राजपुर जाने वाली बसें बल्लूपुर से कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक से राजपुर की ओर जाएंगी। 

- प्रेमनगर से रायपुर जाने वाली बसें बल्लूपुर से कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम, कैनाल रोड, आइटी पार्क, सहस्रधारा क्रासिंग से रायपुर की ओर जाएंगी।

- रायपुर रोड से प्रेमनगर जाने वाली बसें सहस्रधारा क्रासिंग, आइटी पार्क, कैनाल रोड, दिलाराम, न्यू कैंट रोड, बल्लूपुर चौक से प्रेमनगर जाएंगी। 

- डोईवाला से देहरादून आने वाली बसें रिस्पना पुल, आइएसबीटी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक से वापस डोईवाला की ओर जाएंगी।

- रायपुर से गूलर घाटी जाने वाली बसें रायपुर, आइएसबीटी, रिस्पना होती हुई गूलर घाटी की ओर जाएगी। 

यहां लगेंगे बैरियर व डायवर्जन

- बहल चौक

- धर्मपुर चौक 

- बिंदाल पुल तिराहा 

- सहारनपुर चौक 

- सहस्रधारा क्रासिंग 

शपथ ग्रहण समारोह का अभी शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, लेकिन परेड मैदान में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डाग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता लगातार चेकिंग कर रहा है, वहीं आसपास होटलों में भी चेकिंग शुरू करवा दी गई है। वीआइपी में कौन-कौन आता है, उस हिसाब से फोर्स तैनात किया जाएगा। 

- जन्मेजय खंडूड़ी, एसएसपी देहरादून

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।