अब भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, शहरों को 06 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा कर सकती है 'सुपर कूल' तकनीक
सुपर कूल ब्राडबैंड सामग्री शहरों के तापमान को उल्लेखनीय रूप से कम कर सकती है, जिससे भीषण गर्मी और शहरी हीट आइलैंड से राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुमन सेमवाल, देहरादून। भीषण गर्मी और शहरी हीट आइलैंड से राहत दिलाने वाली सुपर कूल ब्राडबैंड सामग्री शहरों का तापमान उल्लेखनीय रूप से घटा सकती है।
अंतरराष्ट्रीय शोध में पाया गया है कि यह तकनीक भवनों और सड़कों की सतह का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस तक, आसपास की हवा का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक और पूरे शहर का औसत तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकती है।
कंक्रीट के जंगल में तब्दील होते जा रहे शहरों में हीट वेव की चुनौती के बीच उम्मीद की नई किरण देने वाला यह अध्ययन इसरो के इंडियन इंस्टिट्यूट आफ रिमोट सेंसिंग (आइआइआरएस), देहरादून, लालबाबा कालेज (कोलकाता विश्वविद्यालय) और जादवपुर विश्वविद्यालय के साथ अमेरिका, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, कनाडा और बेल्जियम के विज्ञनियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस तरह काम करती है यह तकनीक
सुपर कूल ब्राडबैंड सामग्री विशेष प्रकार की कोटिंग/पेंटिंग होती है, जो सूर्य की अधिकांश ऊर्जा को वापस अंतरिक्ष में परावर्तित कर देती है।
साथ ही यह भवनों और सड़कों से निकलने वाली ऊष्मा को अवरक्त विकिरण (इंफ्रारेड रेडिएशन) के रूप में अंतरिक्ष में भेजती रहती है। इस प्रक्रिया को रेडिएटिव कूलिंग कहा जाता है। इससे सतहें कम गर्म होती हैं और भवनों के भीतर गर्मी का प्रवेश घटता है। शोध के अनुसार, सुपर कूल सामग्री का बड़े पैमाने पर उपयोग करने पर शहरों में उल्लेखनीय बदलाव देखे गए।
प्रायोगिक रूप से सफल पाई गई तकनीक
तकनीक के प्रयोग के दौरान पाया गया कि सतह का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस तक घटा। यानी छतें, सड़कें और इमारतें काफी कम गर्म हुईं। इस तरह छत का तापमान लगभग 34.8 डिग्री तक सीमित रहा, जिससे भवनों के भीतर गर्मी कम पहुंची।
वहीं, आसपास की हवा का तापमान 3.2 डिग्री तक कम हुआ, जिससे लोगों को सीधे राहत मिलने की संभावना बढ़ी।
देखा गया कि पूरे शहर का औसत तापमान 2.9 डिग्री तक घटा, जो शहरी हीट आइलैंड प्रभाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया। इसके अलावा जमीन से हवा में जाने वाली गर्मी में लगभग 45 प्रतिशत कमी दर्ज की गई और सतह की ओर से अवशोषित ऊर्जा 276 वाट प्रति वर्ग मीटर तक कम हुई, जिससे सतहें अपेक्षाकृत ठंडी बनी रहीं।
इन चीजों से तैयार होती है सुपर कूल कोटिंग
- बोरियम सल्फेट (इसके महीन नैनो कण सूर्य की रोशनी को परावर्तित करते हैं, इसकी सौर परावर्तन क्षमता 98 प्रतिशत पाई गई।)
- छिद्रयुक्त पालीमर (ये सूर्य की किरणों को अलग-अलग दिशाओं में बिखेरते हैं और सतह से ऊष्मा को बाहर निकालते हैं।)
- कांच के सूक्ष्म गोलों वाला पालीमर (इसमें पालीमर के भीतर बेहद छोटे कांच के गोले मिलाए जाते हैं। ये भी सूर्य के प्रकाश को परावर्तित करने में मदद करते हैं।)
यह भी पढ़ें- सुपर अल नीनो का कहर: भीषण गर्मी से अगले 5 महीनों में होगी साढ़े 3 लाख से ज्यादा लोगों की मौत, भारत में भी असर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।