विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रामपुर मदरसे के पास कावड़ियों पर पथराव, अज्ञात भीड़ पर मुकदमा; वीडियो के जरिए आरोपियों को चिन्हित कर रही पुलिस

By rajesh panwarEdited By: riya.pandey
Published: Sat, 15 Jul 2023 07:00 PM (IST)

थाना सहसपुर अंतर्गत रामपुर में कावड़ियों पर पथराव करने के मामले में अज्ञात भीड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया ...और पढ़ें

रामपुर मदरसे के पास कावड़ियों पर पथराव कर रहे अज्ञात भीड़ पर मुकदमा
रामपुर मदरसे के पास कावड़ियों पर पथराव कर रहे अज्ञात भीड़ पर मुकदमा

जागरण संवाददाता, विकासनगर: थाना सहसपुर अंतर्गत रामपुर में कावड़ियों पर पथराव करने के मामले में अज्ञात भीड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो के जरिए पथराव करने वालों को पुलिस चिन्हित कर रही है। थाना क्षेत्र में कई जगह पुलिस बल तैनात होने के कारण शांति व्यवस्था कायम है।

एसपी देहात कमलेश उपाध्याय, सीओ बीएल शाह सहसपुर थाने में थाना प्रभारी से आवश्यक जानकारी ले रहे हैं। कई थानों की पुलिस व पीएसी अभी भी सहसपुर थाने में है।

कांवड़ियों पर बरसे पत्थर

हरिद्वार हरकी पौड़ी से जल भरकर कांवड़ यात्रा लेकर सहसपुर की ओर आ रहे थे। कांवड़िए बीते शुक्रवार रात में करीब दस बजे रामपुर पहुंचे। कांवड़ यात्रा में उस समय 25 कांवड़िए चल रहे थे। जब कांवड़ यात्रा रामपुर मदरसे के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वहां पर पहले से बहुत सारी भीड़ खड़ी थी।

समुदाय विशेष की भीड़ में कुछ लोग टिप्पणी कर रहे थे। जिसको सुनकर कांवड़िए तेजी से वहां से जाने लगे, तभी अचानक पीछे से एक कांवड़िए को पत्थर लगा। घायल कांवड़िए ने कहा कि यहां से तेजी से चलो। उसके बाद एक साथ बहुत सारे पत्थर आने लगे। कई पत्थर डाक कांवड़ में शामिल भगवान भोलेनाथ की मूर्ति पर भी लगे। जिससे मूर्ति को भी नुकसान हुआ। पथराव से कई कांवड़ियों को चोटें आयी। 

जान से मारने की मंशा के साथ किया गया पथराव

कांवड़ियों ने कहा कि कांवड़ियों पर पथराव जान से मारने की नीयत से किया गया, अगर कांवड़िए सतर्कता न बरतते तो कई कांवड़ियों की जान जा सकती थी। उधर, सहसपुर थाने के एसएसआई प्रमोद कुमार के अनुसार शुक्रवार की रात में लगभग 10:30 बजे बड़े रामपुर में समुदाय विशेष के लोगों द्वारा राह चलते कांवड़ियों पर पत्थर फेंकने के कारण विवाद होने की सूचना प्राप्त हुई थी।

अज्ञात भीड़ के खिलाफ मुकदमा

जिस पर तत्काल स्थानीय पुलिस बल रामपुर के धर्मकांटा पर पहुंच कर विवाद सुलझाने का प्रयास कर रहा था, तभी रामपुर से समुदाय विशेष के उपद्रवियों द्वारा राह चलते कांवड़ियों पर पत्थर आदि से हमला कर धार्मिक उन्माद फैलाया गया। जिसके संबंध में सुनील राठौर जिला प्रभारी देहरादून हिंदू राष्ट्रीय शक्ति की तहरीर पर अज्ञात भीड़ के खिलाफ थाना सहसपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो के माध्यम से उपद्रवियों को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।