Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्‍तराखंड में 13 खतरनाक ग्लेशियर, भविष्‍य में ना मचे तबाही; यूसैक व इसरो ने बनाया प्‍लान

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 03:39 PM (IST)

    उत्तराखंड में यूसैक और इसरो मिलकर सभी ग्लेशियरों का सैटेलाइट सर्वे करेंगे। इस सर्वे का मकसद ग्लेशियरों में आ रहे बदलावों का अध्ययन करना है। धराली और केदारनाथ की आपदाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पहले चरण में 13 संवेदनशील ग्लेशियरों का सर्वे होगा जिसके बाद अन्य ग्लेशियरों का सर्वेक्षण किया जाएगा। यह रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को सौंपी जाएगी।

    Hero Image
    ग्लेशियरों में आने वाले बदलाव की ली जाएगी जानकारी. Concept Photo

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग अब प्रदेश के 13 संवेदनशील ग्लेशियरों के साथ ही सभी ग्लेशियर व हिमक्षेत्रों का सेटेलाइट सर्वे कराएगा। इसमें उत्तराखंड अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (यूसैक), इसरो के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में आ रहे बदलावों के बारे में अध्ययन किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश में धराली में आई आपदा के बीच एक बड़ा कारण इस क्षेत्र के ग्लेशियरों से मलबे के आने को भी माना जा रहा है। वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई आपदा भी ग्लेशियर टूटने के कारण आई थी। इसके साथ ही कई अन्य स्थानों पर भी ग्लेशियरों के टूटने की घटनाएं सामने आई हैं।

    इसके दृष्टिगत इन ग्लेशियरों के विस्तृत अध्ययन की बात सामने आई। कुछ समय पहले यूसैक ने वाडिया के साथ मिलकर प्रदेश के संवेदनशील 13 ग्लेशियर का सर्वे कर इसकी रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को सौंपी थी। अब यूसैक इनके सेटेलाइट सर्वे की दिशा में कदम उठा रहा है। इसके तहत समय-समय पर सभी ग्लेशियरों के सेटेलाइट चित्र लिए जाएंगे।

    इसके बाद इनमें आने वाले बदलावों का गहनता से अध्ययन किया जाएगा। यह देखा जाएगा कि कहीं ये भविष्य में किसी बड़ी आपदा का कारण न बनें। प्रदेश में वैसे तो 1400 से अधिक बड़े-छोटे ग्लेशियर हैं। ऐसे में इनका चरणबद्ध तरीके से सर्वे किया जाएगा। पहले चरण में 13 ग्लेशियरों का सेटेलाइट सर्वे किया जाएगा। इसके बाद अन्य ग्लेशियरों का भी सर्वे किया जाएगा। इसके बाद यह रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को सौंपी जाएगी, ताकि वह इस आधार पर आवश्यक कदम उठा सके।

    सचिव सूचना प्रौद्योगिकी नितेश झा ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से सभी ग्लेशियर का सेटेलाइट सर्वे किया जाएगा। उद्देश्य यह कि यदि इनमें कहीं कोई बदलाव नजर आता है तो उससे निपटने की ठोस कार्ययोजना बनाई जा सके।

    इन जिलों में हैं 13 संवेदनशील ग्लेशियर

    • चमोली - वसुधरा ताल समेत चार ग्लेशियर (तीन का अभी कोई नाम नहींं रखा गया है। )
    • उत्तरकाशी- केदारताल
    • बागेश्वर - नाग कुंड
    • टिहरी गढ़वाल - मसूरी ताल
    • पिथौरागढ़- मबांग व प्यूंगरु समेत छह ग्लेशियर (चार का अभी कोई नाम नहींं रखा गया है। )