सजवाण पंद्रहवीं बार बने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष
बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव में राजेंद्र सिंह सजवाण (सिल्लू) पंद्रहवीं बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस बार उन्होंने बार एसोसिएशन के दो पूर्व अध्यक्षों निवर्तमान अध्यक्ष सूरत सिंह रौतेला व पूर्व अध्यक्ष शीशराम कंसवाल को करारी मात दी।

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव में राजेंद्र सिंह सजवाण (सिल्लू) पंद्रहवीं बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस बार उन्होंने बार एसोसिएशन के दो पूर्व अध्यक्षों, निवर्तमान अध्यक्ष सूरत सिंह रौतेला व पूर्व अध्यक्ष शीशराम कंसवाल को करारी मात दी। वहीं महासचिव पद पर सुनील नवानी ने भी लगातार दूसरी बार विजयी हासिल की है।
बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया पिछले एक पखवाड़े से चल रही थी। शनिवार को मुख्य चुनाव अधिकारी मोहन पैन्यूली तथा सहायक चुनाव अधिकारी सीबी हटवाल की देखरेख में मतदान की प्रक्रिया हुई। चुनाव में कुल 338 में से 306 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिन भर चले मतदान के बाद शनिवार सायं मतगणना के पश्चात मुख्य चुनाव अधिकारी ने परिणाम घोषित किए।
जिसमें बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर राजेंद्र सिंह सजवाण ने जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सूरत सिंह रौतेला को 82 मतों से हराया। सूरत सिंह रौतेला को 103 मत मिले। जबकि इसी पद अजय सिंह वर्मा को छह व शीशराम कंसवाल को 12 मत मिले।
वहीं उपाध्यक्ष पद पर पुष्कर सिंह बंगवाल ने 122 मतों से अपने प्रतिद्वंदी अमित अग्रवाल को पराजित किया। महासचिव पद पर सुनील नवानी तीन मतों से विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नरेश शर्मा को पराजित किया। नरेश शर्मा को 93 मत मिले। इसी पद पर दीपक अंथवाल को 43, अतुल कुमार यादव को 30, रोहित गुप्ता को 24 तथा अजय ठाकुर को 18 मत मिले। इस पद पर मुकाबला निकटतम होने के कारण मतों की पुनर्गणना की गई, जिसमें सुनील नवानी फिर से विजयी रहे।
वही सह सचिव पद पर शरद कुमार ने लाल सिंह मटेला को 96 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर देवेंद्र प्रसाद सेमवाल ने महेश शर्मा को 49 मतों से हराया। वहीं पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर कुलदीप सिंह ने सुनील दयाल को 14 मतों से पराजित किया। जबकि आडिटर पद पर एक मात्र उम्मीदवार होने के कारण मोहित शर्मा को विजयी घोषित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।