उत्तराखंड में पहाड़ों पर अनियोजित निर्माण और पलायन गंभीर चिंता, रोजगार पर जोर
आरएसएस के प्रांत प्रचारक डा. शैलेंद्र ने उत्तराखंड में पहाड़ों पर अनियोजित निर्माण और पलायन को बड़ी चुनौती बताया।
-1795523704205_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के उत्तराखंड प्रांत प्रचारक डा. शैलेंद्र ने कहा कि पहाड़ों में अनियोजित निर्माण और पलायन उत्तराखंड के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यावरण को ध्यान में रखकर विकास की योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने तीर्थाटन और पर्यटन को अलग-अलग पहचान देने पर भी जोर दिया।
मंगलवार को विश्व संवाद केंद्र और विद्योत्तमा विचार मंच की ओर से तिलक रोड स्थित आरएसएस के प्रांत कार्यालय में आयोजित समारोह में डा. शैलेंद्र ने हिमालय हुंकार पाक्षिक पत्रिका के दीपावली विशेषांक ‘उत्तराखंड और विकसित भारत’ का विमोचन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि दो मंजिला निर्माण के अनुकूल क्षेत्रों में सात-आठ मंजिला इमारतें खड़ी होना गंभीर चिंता का विषय है। विकास के नाम पर प्रकृति और पारंपरिक निर्माण शैली की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर जैसे शहरों में आबादी बढ़ रही है, जबकि पहाड़ के गांव खाली हो रहे हैं।
सीमांत गांवों को आबाद रखने के लिए रोजगार और बुनियादी सुविधाएं बढ़ानी होंगी। आयुष, कृषि, बागवानी और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय आजीविका के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। डॉ. शैलेंद्र ने कहा कि चारधाम यात्रा से स्थानीय कारोबार को लाभ मिल रहा है, लेकिन तीर्थस्थलों की पवित्रता बनाए रखना भी जरूरी है।
उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक यात्री को देवभूमि में देवत्व की अनुभूति होनी चाहिए। इस अवसर पर डा. रक्षा रतूड़ी के काव्य संग्रह ‘गढ़ ज्योति’ का भी विमोचन हुआ। इसमें वीरांगना तीलू रौतेली, श्रीदेव सुमन, गौरा देवी, सुंदरलाल बहुगुणा और जनरल बिपिन रावत सहित उत्तराखंड की 21 विभूतियों के जीवन और योगदान को कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, सचिव राजकुमार टांक, हिमालय हुंकार के संपादक रणजीत सिंह ज्याला सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन मनीष बागड़ी ने किया।
यह भी पढ़ें- देहरादून जमीन धोखाधड़ी: जमीन के असली मालिक की जगह दूसरे को खड़ा करके करा ली रजिस्ट्री, दो आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून के विकास नगर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।