मनसा देवी फाटक बंद न होने से ऋषिकेश में रोकनी पड़ी ट्रेन, लंबे ट्रैफिक जाम से यात्री परेशान, ट्रैफिक पुलिस नदारद
ऋषिकेश में मनसा देवी फाटक बंद न होने के कारण सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन को ट्रैक पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
-1795712815142_m.webp)
HighLights
मनसा देवी फाटक बंद न होने से ट्रेन ट्रैक पर रुकी।
यात्रियों में हड़कंप मचा, ट्रेन 35 मिनट तक खड़ी रही।
भारी यातायात के कारण दो किलोमीटर लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। मनसा देवी फाटक पर गुरुवार शाम को रेलवे फाटक बंद न होने से ट्रेन को बीच ट्रैक पर रोकना पड़ा। यातायात का दबाव अधिक होने के कारण फाटक करीब 35 मिनट बाद बंद हो सका, जिसके कुछ देर बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।
इस दौरान अचनक ट्रेन रुकने से रेल यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। यात्री ट्रेन रुकने के कारण को लेकर असमंजस में नजर आए। वहीं, फाटक पर जाम के कारण बाईपास मार्ग से श्यामपुर नेपाली फार्म तक करीब दो किलोमीटर तो लंबा जाम नजर आया।
घटना गुरुवार शाम 6.30 बजे की है। जब मनसा देवी रेलवे फाटक पर फाटक कर्मी नियमित समयसारिणी के अनुसार ट्रेन के आने से पहले फाटक को बंद करने लगा, लेकिन दौरान फाटक पर वाहनों का भीषण दबाव होने के कारण फाटक को बंद करना सम्भव नहीं हो सका। वाहन लंबी कतार में फाटक पार करते रहे।
इस दौरान करीब 6.40 बजे सहारनपुर पैसेंजर मनसा देवी फाटक के समीप पहुंची, जिसे फाटक बंद न होने कारण इमरजेंसी में ट्रैक से पहले लोको पायलट ने रोक दिया। इसके बाद रेल कर्मी ने आरपीएफ को सूचना दी, जिसके बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफ़िक रोककर फाटक बंद करने में जुटी रही।
करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह फाटक बंद कराया जा सका। इसके बाद करीब 7.20 बजे ट्रेन को सहारनपुर रवाना किया जा सका। जिसके बाद रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सरोज कुमार ने बताया कि सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन पुराने रेलवे स्टेशन से शाम 6.25 बजे रवाना हुई थी, जो रेलवे फाटक पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण फाटक बंद न होने के कारण ट्रैक पर कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी। फाटक बंद होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।
ट्रेन से रुकने से मचा हड़कंप, सहमे यात्री
जब ट्रेन अचानक बीच ट्रैक में अंधेरे वाले क्षेत्र में रुकी तो कई रेल यात्री कुछ देर के लिए सहमे नजर आये। कई यात्री ट्रेन के गेट से बाहर झांक घटना के कारण को।
समझने का प्रयास करते दिखे तो कई युवा व पुरुष यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर आस पास के लोगों से ट्रेन के रुकने का कारण पूछा। जब उन्हें ट्रेन रुकने का वास्तविक कारण पता चला तो सबने राहत की सांस ली। हालांकि, कई यात्रियों को गंतव्य तक समय पर पहुंचने की चिंता नहीं रही।
नेपाली फार्म तक रहा जाम, पुलिस नदारद
फाटक पर पैदा हुए संकट का असर दो किलोमीटर दूर नेपाली फार्म तक नकर आया। मनसा देवी फाटक से गुमानीवाला श्यामपुर - नेपाली फार्म तक वाहनों की लंबी कतार लगती रही। वहीं, फाटक से इन्द्रमणि बडोनी चौक की ओर बाईपास मार्ग पर भी भीषण जाम के हालात बनते रहे।
इससे लोगों को खासी फजीहत का सामना करना पड़ा। हैरत की बात है कि इस दौरान पुलिस की मौजूदगी देखने को नहीं मिली। आरपीएफ जवानों के लिए फाटक बंद कराना चुनौती साबित होता रहा। हालांकि, कई स्थानीय लोगों व जिम्मेदार नागरिक फाटक बंद कराने और यातायात संचालन में सहयोग करते नजर आए।
ट्रक धंसने से बना गड्ढा, चिंताजनक हैं हालात
सुबह ट्रक धंसने से तिराहे पर बने गड्ढे से भी यातायात प्रभावित होता नजर आया। एनएच से मनसा देवी फाटक की ओर जाने वाले मार्ग में गड्ढों को मलबा व मिट्टी से भरान किया गया है, जिस पर वाहनों को गुजरने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इससे वाहनों की गति बेहद धीमी हो रहीं है। यह अक्सर जाम का कारण बन रहा है। सप्ताहांत के दौरान इस फाटक पर दिनभर हालात बेहद चिंताजनक नजर आते हैं।
बता दें कि गुरुवार सुबह इसी फाटक के समीप एक ट्रक मिट्टी में धंस गया था। इस स्थान पर यातायात अधिक होने के कारण अक्सर सड़क हादसे का खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर एजेंसी फाइनल, कांच के फुटपाथ के लिए यात्रियों को देनी होगी फीस
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश 250 करोड़ में बनेगा नया आईएसबीटी, मल्टी लेवल पार्किंग का भी प्रपोजल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।