ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर एजेंसी फाइनल, कांच के फुटपाथ के लिए यात्रियों को देनी होगी फीस
बजरंग सेतु के कांच वाले फुटपाथ के संचालन और भीड़ प्रबंधन के लिए लोक निर्माण विभाग ने एजेंसी तय कर दी है। हालांकि, पुल के उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन अब इस पर चलने के लिए शुल्क देना होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। बजरंग सेतु के ग्लास डेक (कांच वाले फुटपाथ) पर भीड़ प्रबंधन व टिकट लेने के लिए लोक निर्माण विभाग ने एजेंसी फाइनल कर दी है। हालांकि, अभी पुल के उद्घाटन का दिन तय नहीं हुआ है। उद्घाटन के बाद ही पुल का कांच वाला क्षेत्र खोला जाएगा, लेकिन इससे गुजरने के लिए अब शुल्क देना होगा।
टिहरी जिले के तपोवन और पौड़ी जिले के लक्ष्मणझूला को जोड़ने वाले करीब 92 साल पुराने लक्ष्मणझूला पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से जुलाई 2019 से आवाजाही बंद कर दी गई थी। इस पुल के पास बजरंग सेतु का निर्माण कार्य लोनिवि नरेंद्रनगर ने वर्ष 2022 में शुरू किया था।
69 करोड़ लागत
132.30 मीटर स्पान के इस पुल को करीब 69 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। पुल की चौड़ाई आठ मीटर है। पैदल यात्रियों के लिए डेढ़-डेढ़ मीटर के कांच के फुटपाथ बनाए गए हैं। पुल के बीच में हल्के चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रस्तावित है। लोनिवि के सामने सबसे बड़ी चुनौती कांच वाले क्षेत्र की देखरेख की है।
बीच में पुल पर आवागमन शुरू किया गया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने 65 मिमी मोटाई वाले कांच के फुटपाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी के मद्देनजर बाद में लोनिवि ने पुल के कांच वाले क्षेत्र से आवागमन के लिए शुल्क लगाने का निर्णय लिया। इसमें बड़ों के लिए सौ रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया।
लोनिवि ने कांच वाले क्षेत्र के संचालन, प्रबंधन, यात्री प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा के लिए दो बार टेंडर भी जारी किए, लेकिन कोई फर्म आगे नहीं आई। इसके बाद तीसरी बार टेंडर जारी किया गया। अब एक फर्म को फाइलन कर दिया गया है। लोनिवि नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल के अनुसार पुल का उद्घाटन कब होगा, इसका फैसला उच्च स्तर पर लिया जाना है।
रेलिंग की बढ़ाई गई ऊंचाई
पुल निर्माण की रफ्तार शुरू से धीमी रही। बार-बार निर्माण की समय सीमा बढ़ाई गई। पुल के बीच वाले हिस्से से कांच वाले हिस्से में लोगों को जाने से रोकने के लिए रेलिंग की ऊंचाई छह फीट से अधिक की गई। पहले यह करीब चार फीट थी। बीच वाले हिस्से में लोगों का आवागमन हो रहा है। यहां आने वाले पर्यटक कांच वाले क्षेत्र में जाना पसंद करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।