विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऋषिकेश के बुजुर्ग दंपती से 69 लाख की ठगी, बरेली का साइबर ठग रुद्रपुर से गिरफ्तार

Published: Fri, 03 Apr 2026 10:33 PM (IST)

ऋषिकेश के एक बुजुर्ग दंपती को डिजिटल अरेस्ट कर 69 लाख रुपये की ठगी करने वाले बरेली के साइबर ठग भगवत सरन को एसटीएफ ने रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। गिरफ्तारी का भय दिखाकर ऋषिकेश के बुजुर्ग दंपती को दो माह डिजिटल अरेस्ट कर 69 लाख रुपये की ठगी करने वाले बरेली के साइबर ठग को एसटीएफ ने रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है।

आरोपित के पास से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल और डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं।

शिकायतकर्ता भगवत नारायण झा (81 वर्ष) और उनकी पत्नी कमल झा (74 वर्ष) निवासी गंगा रेजीडेंसी, गंगानगर ऋषिकेश ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से काल आया।

काल करने वालों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), साइबर क्राइम सेल और सर्वोच्च न्यायालय का अधिकारी बताया।

डराया कि उनका आधार नंबर करीब 10 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन में इस्तेमाल हुआ है। काल करने वालों ने गिरफ्तारी, संपत्ति कुर्की और जेल भेजने की धमकी दी।

भयभीत बुजुर्ग दंपती को उसी दिन से वाट्सएप काल और वीडियो काल के जरिए लगातार निगरानी में रखा गया।

करीब 60 दिनों तक ठगों ने दंपती की दिनचर्या पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा। उन्हें किसी से बात न करने, लाइव लोकेशन भेजने, सोने-जागने के समय बताने और निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर गिरफ्तारी और शारीरिक नुकसान की धमकी दी गई।

लगातार मानसिक दबाव और भय के कारण भगवत नारायण झा से आरोपितों की ओर से बताए गए कई बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। इतना ही नहीं, ठगों ने उनसे उनकी एकमात्र भूमि व संपत्ति बेचने तक के लिए मजबूर किया, जो उनकी आजीविका का एकमात्र साधन थी।

आरोपितों ने आधार कार्ड की प्रतियां, बैंक पासबुक, लेन-देन की पर्चियां और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां भी हासिल कीं।

पीड़ित दंपती के अनुसार, इस पूरी साजिश में उन्हें कुल 69 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि इस विवेचना में पता चला कि आरोपित भगवत सरन ने अपने साथियों के साथ मिलकर न्यायालय का फर्जी जमानत पत्र व फीस जमा रसीद बनाकर लालकुआं जिला नैनीताल के एक्सिस बैंक में अपनी रुद्रा टेलीकाम दुकान के नाम पर बैंक खाता खोला।

इसके बाद बैंक खाता की जानकारी अपने साथी एवं अन्य साइबर अपराधियों के साथ साझा की। इस खाते में लाखों रुपये की धनराशि का लेनदेन हुआ। बैंक खाते के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर 30 शिकायत भी दर्ज हुई हैं।

एसएसपी ने बताया कि पीड़ित के साथ हुई धोखाधड़ी के 06 लाख रुपये इसी खाते में आए थे।

जांच के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक अनिल कुमार व उनकी टीम ने गुरुवार को आरोपित भगवत सरन निवासी ग्राम सिंधौरा, थाना देवरनिया, जिला बरेली उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी राजीव नगर, लालकुआं, जिला नैनीताल को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अन्य आरोपितों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: चीन से आए सिम बॉक्स से पूरे देश में फैला नेटवर्क, गुरुग्राम में 15 बरामद

यह भी पढ़ें- हिसार में साइबर ठगी का मामला, ऑनलाइन सूट खरीदने के नाम पर महिला को लगाया चूना