Mussoorie में आज सात फेरे लेंगी ऋषभ पंत की बहन, पहुंचे MS Dhoni और सुरेश रैना सहित क्रिकेट जगत के कई दिग्गज
Rishab Pant भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत की बहन साक्षी आज मसूरी में अंकित चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी समारोह की रस्में मंगलवार से शुरू हो गई थीं जिसमें मेहंदी और संगीत के साथ ऋषभ ने बहन और होने वाले बहनोई के साथ जमकर होली खेली।महेंद्र सिंह धौनी भी पत्नी के साथ मसूरी पहुंच गए हैं।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Rishab Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर व बल्लेबाज ऋषभ पंत की बड़ी बहन साक्षी आज (बुधवार) मसूरी के सेवाय होटल में अंकित चौधरी के साथ सात फेरे लेंगी। शादी समारोह की रस्में मंगलवार से शुरू हो गई, जिसमें मेहंदी व संगीत के साथ ऋषभ ने बहन व होने वाले बहनोई के साथ जमकर होली खेली।
समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी पत्नी के साथ मसूरी पहुंच गए हैं। आज होने वाली शादी में आइसीसी के चेयरमैन जय शाह समेत भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा व विराट कोहली के भी पहुंचने की चर्चा है। ऋषभ के होने वाले बहनोई अंकित चौधरी लंदन में बिजनेसमैन हैं।
करीबी रिश्तेदारों और खास परिचितों को ही बुलाया
साक्षी पंत व अंकित चौधरी की सगाई पिछले साल लंदन में हुई थी। बताया जा रहा कि दोनों एक-दूसरे को बीते नौ साल से जानते हैं। अब यह जोड़ा शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रहा है। शादी के सभी कार्यक्रम मसूरी में ही हो रहे हैं।
साभार: सोशल मीडिया।
शादी समारोह में स्वजनों के अतिरिक्त करीबी रिश्तेदारों और खास परिचितों को ही बुलाया गया है। मंगलवार को मेहंदी की रस्म के बाद हल्दी समारोह हुआ। इस दौरान पूरा माहौल होली के रंग में रंगा नजर आया। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर दिखा, जिसमें ढोल-बाजे की धुन पर अबीर गुलाल उड़ा रहे पंत अपनी बहन साक्षी व होने वाले बहनोई के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
मसूरी-देहरादून में होटलों को बुक किए जाने की चर्चा
हरिद्वार के खानपुर विधायक उमेश कुमार भी ऋषभ के साथ नजर आए। आइसीसी चैंपियन ट्राफी जीतने के बाद ऋषभ पंत बहन की शादी के लिए दुबई से सोमवार देर शाम सीधा मसूरी पहुंचे, जबकि परिवार के सदस्य सुबह ही पहुंच गए थे। मेहमानों के लिए मसूरी व देहरादून में कुछ होटलों को बुक किए जाने की चर्चा भी है।
शादी में शामिल होने के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी अपनी पत्नी साक्षी के साथ दोपहर ढाई बजे चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सड़क मार्ग से सीधे मसूरी के लिए रवाना हुए। इससे पहले धौनी को साक्षी पंत की लंदन में हुई सगाई में भी देखा गया था।
लंदन में काम कर चुकी हैं साक्षी
ऋषभ पंत की बहन साक्षी का जन्म 24 दिसंबर 1994 को हुआ था। साक्षी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून में पूरी की। साल-2019 तक भारत में रहकर उन्होंने कौशल विकास से जुड़ा प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए लंदन चली गई थी। उन्होंने वहां एक यूनिवर्सिटी से एमएससी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की डिग्री प्राप्त की। लंदन में रहकर साक्षी ने बुटलिन में सलाहकार के तौर पर काम किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।