Coronavirus: देहरादून के होटल में ठहरी फरीदाबाद की महिला कोरोना पॉजिटिव
देहरादून के राजपुर रोड स्थित होटल फोर प्वाइंट शेरेटन में कुछ दिन पहले ठहरी फरीदाबाद (हरियाणा) की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई।
देहरादून, जेएनएन। राजपुर रोड स्थित होटल फोर प्वाइंट शेरेटन में कुछ दिन पहले ठहरी फरीदाबाद (हरियाणा) की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। फरीदाबाद प्रशासन से शुक्रवार को मिली रिपोर्ट के बाद दून के जिलाधिकारी डा. आशीष श्रीवास्तव ने होटल को सील करा दिया है। इससे पहले पूरे होटल को सेनिटाइज किया गया। होटल के 22 कर्मचारियों को 14 दिन के लिए होटल में ही क्वारंटाइन किया गया है। वहीं, जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उक्त महिला के संपर्क में रहे सभी लोगों को आइसोलेट करने के आदेश भी दिए हैं।
जाखन स्थित होटल फोर प्वाइंट शेरेटन में नौ से 11 मार्च तक एक दंपती ठहरा था। 11 तारीख को यह दंपती वापस फरीदाबाद चला गया। इस बीच पता लगा कि महिला को कोरना के लक्षण मिले हैं। उसका सैंपल फरीदाबाद में ही जांच के लिए भेजा गया। महिला कुछ वक्त पहले स्पेन से लौटी थी। अब उसकी रिपोर्ट कारोना पॉजीटिव मिली है। इसकी सूचना फरीदाबाद प्रशासन से मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने सुबह होटल पहुंच विजिटर रजिस्टर खंगाला। उसके बाद उस कमरे को बंद कर दिया गया, जिसमें दंपती ठहरा था।
पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने होटल में उस अवधि और उसके बाद ठहरे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई है। होटल संचालक को निर्देश दिया गया है कि होटल में लगातार साफ सफाई के कार्य करते रहें। वहीं, देर शाम जिलाधिकारी डा. श्रीवास्तव ने होटल को तत्काल सील करने के आदेश दे दिए। होटल में किसी भी तरह के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
महिला के संपर्क में आए 68 लोग होम क्वारंटाइन
दून के होटल फोर प्वाइंट शेरेटन में तीन दिन तक रुकी कोरोना संक्रमित महिला फरीदाबाद में औद्योगिक घराने से ताल्लुक रखती है। वह स्पेन से लौटी थी। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिसीज कंट्रोल, दिल्ली की रिपोर्ट के अनुसार महिला कोरोना वायरस से संक्रमित है, जबकि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे से रिपोर्ट आने का इंतजार है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार की ओर से जिला उपायुक्त यशपाल यादव को जो रिपोर्ट भेजी गई है, उसमें कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ और केंद्र सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार महिला को पॉजीटिव नहीं कहा जा सकता। पुणे की रिपोर्ट के बाद ही महिला को कोरोना संक्रमित घोषित किया जा सकता है। जिला उपायुक्त यशपाल यादव के अनुसार महिला 68 लोगों के संपर्क में आई थी। इनमें से संपर्क में रहे 64 व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। उन सभी को होम क्वारंटाइन किया गया है।
महिला के कॉन्टेक्ट ट्रेस करना चुनौती
बीते सप्ताह दून के एक होटल में रुकी फरीदाबाद निवासी महिला में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं। महिला तीन दिन तक यहां रही। इस दौरान वह न सिर्फ होटल में कई लोगों के संपर्क में आई बल्कि यकीनन बाहर भी गई होगी। उसके यहां से चले जाने के बाद भी कई लोग होटल में रुके। उस कमरे में भी जिसमें महिला रही। ऐसे में होटल के स्टाफ को बेशक क्वारंटाइन कर दिया गया है, पर बाकी लोगों तक पहुंचना आसान नहीं होगा।
कोरोना को लेकर सरकारी सिस्टम की बेचैनी अब बढ़ती जा रही है। कारण ये कि तमाम एहतियात के बाद भी कोरोना वायरस के वाहक कई लोग सामने ही नहीं आ रहे। इसी तरह के एक मामले ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन को सकते में ला दिया है। महिला में कोरोना की पुष्टि बेशक फरीदाबाद में हुई पर वह यहां तीन दिन रुकी रही। किसी को तब इस बात का इल्म भी नहीं था कि वह संक्रमित है। ऐसे में होटल के कर्मचारियों सहित कई अन्य लोग उसके संपर्क में आए। होटल प्रबंधन भी इस बात से इंकार नहीं कर रहा कि इस दौरान महिला बाहर भी गई। उसके यहां से चले जाने के बाद से अब तक दस दिन का वक्त बीत चुका है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: मंडी में सेनिटाइजर प्रयोग के बाद ही मिल रहा प्रवेश Dehradun News
इस अवधि में होटल में कई लोग रुके। उस कमरे में भी जहां महिला ठहरी थी। जाहिर है कि कमरा साफ किया गया होगा, पर उस लिहाज से नहीं कि यहां रुकी महिला कोरोना वायरस से संक्रमित थी। अब सबकी धड़कनें बढ़ गई हैं। बहरहाल स्वास्थ्य विभाग के अनुसार होटल का विजिटर रजिस्टर जब्त कर लिया गया है। इस अवधि में वहां रहे तमाम लोगों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। कॉन्टेक्ट ट्रेस हो जाने के बाद संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।