'कहां से आई 210 करोड़ की संपत्ति ? बंद करो भ्रष्टाचार', उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या पर पति का पलटवार
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद गहरा गया है।

मंत्री का वीडियो प्रसारित होने के बाद पति गिरधारी लाल साहू ने भी प्रसारित किया एक वीडियो.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व उनके पति गिरधारी लाल के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। रेखा आर्या की ओर से मारपीट, उत्पीड़न, जाति सूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के आरोपों में मुकदमा दर्ज कराने के बाद शुक्रवार को गिरधारी लाल साहू ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से जो आडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है वह आटिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) से बनाया गया है। कहा कि सड़क पर खड़ी एक महिला को उन्होंने कहां से कहां पहुंचा दिया है। जिस महिला के पास कुछ नहीं था, उसके पास से 210 करोड़ रुपये की संपत्ति कहां से आई, यह जांच का विषय है।
'जीवन भर मंत्री बनी रहूंगी'
साहू ने कहा कि रेखा आर्या के दिमाग में यह है कि जीवन भर मंत्री बनी रहूंगी, लेकिन जीवन में उतार चढ़ाव आते रहते हैं। सड़क खड़ी महिला को उन्होंने कहां पहुंचा दिया है। शादी के समय रेखा आर्या सलवार कुर्ते में आई थी, उसे आज कहां पहुंचा दिया है।
उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि मंत्री फर्जी तहरीर व बयान वापस नहीं लेगी तो वह चुन-चुनकर हिसाब लेंगे। नसीहत भी दी कि मंत्री गंभीरता से सोचें और निवेदन किया कि सही दिमाग का इस्तेमाल करो, अभी सभी चीजें ठीक हो सकती हैं। मन को शांत रखो।
गिरधारी लाल यहीं नहीं रुके आरोप लगाया कि हर बार मंत्री से कहा कि भ्रष्टाचार बंद करो। मंत्री रेखा आर्या का नाम पूरे देश में भ्रष्टाचार में है। उन्होंने भ्रष्टाचार की चरम सीमा पार कर दी है। कहा कि रेखा आर्या ने आरोप ऐसे लगाए हैं जिसे कभी कोई पत्नी अपने पति पर नहीं लगा सकती। 17 वर्ष में उनके लिए क्या-क्या नहीं किया।
लोगों के सामने वोट के लिए झोली फैलाई। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत आपसे भी की थी, आपने डांट भी लगाई थी। किसी भी एजेंसी से जांच कराओ जिस महिला के पास कुछ नहीं था उसके पास 210 करोड़ रुपये अवैध रूप से विस्तार से बताने का काम करूंगा।
रेखा आर्या ने दर्ज कराया था मुकदमा
गुरुवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
मंत्री ने पति पर मारपीट, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्हाेंने रोते हुए एक वीडियो जारी कर एक आडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है।
मंत्री की हालत स्थिर, डाक्टरों की निगरानी में उपचार जारी
सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की स्थिति फिलहाल स्थिर है। गुरुवार को उन्हें द्वारिका चौक स्थित कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ और दिल की धड़कन तेज पाई गई थी।
चिकित्सकों के अनुसार, जांच में ट्रोपोनिन का स्तर भी सामान्य से मामूली अधिक मिला है। इसे देखते हुए उनकी अन्य जांचें कराई जा रही हैं। कृष्णा मेडिकल सेंटर के चिकित्सक डा. सिद्धांत खन्ना ने बताया कि मंत्री के स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर रख रही है। उनकी स्थिति को देखते हुए जरूरी जांच और उपचार किया जा रहा है।
