विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संविधान दिवस पर राम माधव का कांग्रेस पर तीखा हमला कहा, संविधान को खतरा नहीं कांग्रेस को अपना खतरा

By Ankur AgarwalEdited By: Rahul Chauhan
Published: Thu, 26 Nov 2026 08:29 PM (IST)

संविधान दिवस पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान को कोई खतरा नहीं, बल्कि कांग्रेस को अपना खतरा है। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने संविधान दिवस पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान को कोई खतरा नहीं है, खतरा कांग्रेस को अपना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में इसका जवाब तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर दिया जाना चाहिए।

गुरुवार को दून मेडिकल कालेज देहराखास में भाजपा महानगर की ओर से आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में राम माधव ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में बना संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक न्याय का मार्गदर्शक है।

यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता है और लोकतंत्र को मजबूत आधार देता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस संविधान के गौरव और उसके मूल्यों को समझने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संविधान सुरक्षित हाथों में है। भाजपा संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति प्रतिबद्ध है।

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का अवसर है। कार्यक्रम संयोजक राकेश गिरी और बार काउंसिल अध्यक्ष अनिल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस पर संविधान बदलने का आरोप

राम माधव ने कहा कि कांग्रेस संविधान को लेकर लगातार भ्रम फैलाती रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संविधान में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संविधान की भावना से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता तक सही तथ्य पहुंचाएं और संवैधानिक मूल्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का लोकतांत्रिक जवाब दें।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध जरूरी

उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकार देता है, लेकिन नागरिकों को अपने कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संविधान की भावना के अनुरूप है। समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग से ही समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है।

प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित

सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी अग्निकांड: सीएम धामी पहुंचे पवाणी गांव, पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

यह भी पढ़ें- कैसा रहा सीएम धामी का रिपोर्ट कार्ड? सख्त भू-कानून से यूसीसी तक, भाजपा सरकार ने कानूनों से बदली व्यवस्था

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।