उत्तराखंड में प्रदेश कार्यसमिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिए ये नौ मंत्र, भाजपा सरकार को बताया हिमालय सी अडिग
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार हिमालय की तरह अडिग है और तीसरी बार सत्ता में आएगी।

HighLights
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भाजपा सरकार को हिमालय-सा अडिग बताया, हैट्रिक का दावा।
समान नागरिक संहिता, विकास, सैन्य सहायता प्रमुख उपलब्धियां।
राज्य ब्यूरो, जागरण, हरिद्वार। जिस देवभूमि की सैन्य परंपरा युवाओं में मातृभूमि की रक्षा का जज्बा भरती है, उसी धरती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति समर्पण और चुनावी जीत का संकल्प जगाया।
सैनिकों के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण कराते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सांगठनिक प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच उतरने का संदेश दिया। भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार हिमालय की तरह अडिग है, जिस तरह हिमालय को कोई हिला नहीं सकता और मां गंगा की धार को कोई रोक नहीं सकता, उसी तरह जनता के दम पर भाजपा की सरकार को तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में आने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
कहा, हैटट्रिक मारकर भाजपा सरकार राज्य आंदोलनकारियों के हर सपने को साकार करेगी। उत्तराखंड की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कमल कमाल कर रहा है। प्रदेश पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है और समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहले सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची की चर्चा होती थी, नकल विरोधी कानून से पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया हो रही है।
उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून व अन्य कठोर कानूनी फैसलों को सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बताकर कहा कि जनहित में फैसले लेने के लिए साफ नीयत बहुत जरूरी है। कहा, ऐसे ही साहसी निर्णय लेकर धामी सरकार ने प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई है।
सैन्य परिवारों के साथ खड़ी सरकार
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल ने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। यहां का बच्चा-बच्चा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखता है। प्रदेश सरकार ने बलिदानी सैनिकों के परिवारीजनों को दी जाने वाली सहायता राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है।
परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये कर दी है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सैनिकों और उनके परिवारों के साथ सरकार के खड़े होने का संदेश है। उन्होंने देहरादून में बन रहे सैन्य धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस निर्माण से सैनिकों के सम्मान और उनके बलिदान को अमर बनाया जा सकेगा।
राष्ट्रहित सर्वोपरि...सत्ता रहे या चली जाए
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का भी उल्लेख किया। राजा भरत की तपस्या और इसी भूमि पर मां गंगा को पृथ्वी पर लाने की पौराणिक मान्यता का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित और जनहित सर्वोपरि हैं। सत्ता रहे या चली जाए, इन दोनों विषयों पर पार्टी समझौता नहीं करेगी। उन्होंने संगठन की एकता, विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के विश्वास को बनाए रखने का आह्वान किया।
राजनाथ सिंह के कार्यकर्ताओं को नौ मंत्र
1. संगठन सर्वोपरि रखें।
2. जनता के भरोसे पर खरे उतरें।
3. डिजिटल जनसंपर्क बढ़ाएं।
4. व्यक्तिगत हमलों से बचें।
5. युवाओं को संगठन से जोड़ें।
6. आरोपों का जवाब तथ्यों से दें।
7. सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं।
8. नैतिकता और अनुशासन अपनाएं।
9. संगठन की एकजुटता बनाए रखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।