दून विश्वविद्यालय में प्रो. विकास शर्मा ने बताया युद्ध नहीं शांति से सुलझते हैं विवाद
लेखक प्रो. विकास शर्मा ने दून विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि युद्ध समस्याओं का समाधान नहीं है, बल्कि शांति और संवाद से ही विवाद सुलझते हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। इससे समस्याएं सुलझने के बजाय मानवीय संकट और गहरा होता है। विवादों को सुलझाने के लिए शांति, संवाद और एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी है। यह विचार लेखक एवं शिक्षाविद प्रो. विकास शर्मा ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ साहित्यिक संवाद के दौरान रखे।
विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की साहित्यिक सोसाइटी 'एलीसियन' की ओर से डॉ. नित्यानंद हिमालयन रिसर्च एंड स्टडी सेंटर के सभागार में 'मीट द ऑथर' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रो. विकास शर्मा ने अपने साहित्यिक सफर, लेखन के अनुभवों और उपन्यासों के विषयों पर छात्रों से बातचीत की।
अपने नए उपन्यास 'लव, फेथ एंड वॉर' पर चर्चा करते हुए उन्होंने आधुनिकता, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, महत्वाकांक्षा और मानवीय भावनाओं के बीच के जटिल संबंधों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में व्यक्ति की स्वतंत्रता और आकांक्षाओं के साथ मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को समझना भी जरूरी है।
अपने चर्चित उपन्यास 'ऑल हर फायर्स' का जिक्र करते हुए प्रो. शर्मा ने युवा पीढ़ी की सोच और बदलते मूल्यों पर बात की। कहा कि आज की युवा पीढ़ी को किसी एक खांचे में रखकर नहीं देखा जा सकता। उनके भीतर विरोधाभास, आकांक्षाएं और कई तरह के संघर्ष हैं।
उन्होंने जेन-जी को सोशल मीडिया की रील्स और वास्तविक जीवन के बीच अंतर समझकर सही चुनाव करने की सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान प्रो. शर्मा ने अपनी कविताएं भी सुनाईं और छात्रों, शोधार्थियों तथा शिक्षकों के सवालों के जवाब दिए।
भाषा संकाय की डीन प्रो. चेतना पोखरियाल ने उनके अनुभव साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। साहित्यिक सोसाइटी की अध्यक्ष नयोनिका चक्रवर्ती भी मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें- देहरादून स्कूल प्रकरण: बाल आयोग के आदेश बेअसर, बच्चों की पढ़ाई पर संकट
यह भी पढ़ें- देहरादून में पीआरडी जवानों का सीएम आवास कूच, पुलिस ने किया लाठीचार्ज... बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकले
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।