Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    President Election : भाजपा ने विधायकों को सिखाए सही ढंग से मतदान के गुर, संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे कांग्रेसी विधायक

    By Nirmala BohraEdited By:
    Updated: Sun, 17 Jul 2022 09:49 AM (IST)

    President Election 2022 भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यशाला एवं माक ड्रिल में विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में सभी विधायकों से एकजुट होकर संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान को कहा है।

    Hero Image
    President Election 2022 : राष्ट्रपति चुनाव के लिए मात्र एक दिन

    राज्य ब्यूरो, देहरादून: President Election : राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान से एक दिन पहले रविवार को भाजपा ने अपने विधायकों को सही ढंग से मतदान के गुर सिखाए। इसके लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यशाला एवं माक ड्रिल में विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही, निर्देश दिए गए कि किसी का मत भी अवैध न होने पाए। कार्यशाला में शामिल हुए बसपा व निर्दलीय विधायकों ने भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की उपस्थिति में हुई कार्यशाला में शामिल हुए मंत्री, विधायकों को ठीक उसी तरह से मतदान की बारीकियों से अवगत कराया गया, जैसा वास्तविक मतदान में होता है। करीब दो घंटे तक चली कार्यशाला व माक ड्रिल के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रपति के पिछले चुनाव में ये बात सामने आई थी कि काफी संख्या में मत या तो अवैध हुए या फिर मतदान के समय कुछ त्रुटियां रह गई थीं। इसे देखते हुए भाजपा ने देशभर में विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव में सही ढंग से मतदान करने के मद्देनजर प्रेरित करने को अभियान के रूप में लिया। इसी कड़ी में कार्यशाला आयोजित की गई।

    अंतर्रात्मा की आवाज पर वोट डालें सभी विधायक : धामी

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में बसपा व निर्दलीय विधायकों ने राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं। ऐसे में सभी सांसदों, विधायकों को उनका समर्थन करना चाहिए। विभिन्न दलों के सांसद, विधायक अंतर्रात्मा की आवाज पर उन्हें समर्थन देने को आगे आ रहे हैं। अन्य को भी ऐसा ही करना चाहिए। उन्होंने राजग द्वारा उप राष्ट्रपति पद के लिए जगदीप धनखड़ को नामित किए जाने पर उन्हें शुभकामना दी और कहा कि धनखड़ ने हर क्षेत्र में कार्य किया है। उनके उप राष्ट्रपति बनने पर कई क्षेत्रों में देश को लाभ मिलेगा।

    राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक दल की हुई बैठक

    कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में सभी विधायकों से एकजुट होकर संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान को कहा है। पार्टी ने भगवानपुर विधायक ममता राकेश को चुनाव के लिए पार्टी का पोलिंग एजेंट बनाया है। रविवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और तिलकराज बेहड़ को छोड़ शेष विधायक मौजूद रहे।

    तिलक राज बेहड़ के न आने का कारण उनका खराब स्वास्थ्य बताया गया। वहीं, प्रीतम सिंह के न आने के कारण उनके क्षेत्र में पहले से ही कार्यक्रम लगा होना बताया गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सभी विधायकों से तय समय पर विधानसभा पहुंचने और संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने को कहा।

    बयानबाजी से बचने की सलाह

    बैठक में प्रदेश कांग्रेस में लगातार चल रही बयानबाजी को लेकर वरिष्ठ नेताओं की पीड़ा भी नजर आई। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने बगैर किसी का नाम लेते हुए कहा कि एक दूसरे के विरुद्ध अनावश्यक बयानबाजी से बचते हुए एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाए।