पति के लिए पूछने पर गर्भवती महिला संग देहरादून में बर्बरता, आंखों में मिर्च स्प्रे डाला... स्पा सेंटर के अंदर खींचने लगे
देहरादून में एक गर्भवती महिला पर स्पा सेंटर के बाहर मिर्च स्प्रे से हमला किया गया और उसे जबरन अंदर ले जाने का प्रयास किया गया। महिला अपने पति के बारे में जानकारी लेने स्पा सेंटर गई थी, जिसके बाद यह घटना हुई।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।
HighLights
गर्भवती महिला पर स्पा सेंटर के बाहर हमला हुआ
आंखों में मिर्च स्प्रे कर स्पा में ले जाने का प्रयास
पुलिस ने एक महिला समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया
जागरण संवाददाता, देहरादून । स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने गई गर्भवती महिला से साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्पा सेंटर से जुड़े आरोपितों ने महिला की आंखों में मिर्च स्प्रे कर स्पा सेंटर में ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने शिकायत पर एक महिला को नामजद करते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला देहरादून के निरंजनपुर मंडी चौक के पास का है। खुड़बुड़ा निवासी पीड़िता साइमा ने पटेलनगर पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें कहा है कि 19 नवंबर की दोपहर करीब एक बजे वह मंडी चौक के पास अमेनज स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने गई थी। स्पा सेंटर वालों ने पति की जानकारी देने से मना कर दिया।
आरोप है कि जब वह वापस आने लगी तो पार्किंग गेट पर काले रंग की कार आकर रुकी और एक महिला व एक पुरुष उससे उतरे। उन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान आरोपितों ने पीड़िता की आंखों में मिर्ची स्प्रे कर दिया और खींचकर स्पा सेंटर में ले जाने का प्रयास किया।
जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़िता ने बचकर अपनी जान बचाई और अस्पताल जाना पड़ा। पीड़िता के मुताबिक, वह तीन महीने की गर्भवती है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपित नेहा समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
17 नवंबर को पति के स्पा सेंटर में आने का था शक
पुलिस के अनुसार पीड़िता को शक था कि 17 नवंबर को उसका पति स्पा सेंटर में आया था। इसी का पता करने पीड़िता मंडी चौक स्थित स्पा सेंटर में गई थी। महिला ने स्पा सेंटर में पति की जानकारी लेने और सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा था। इसके बाद बाहर निकली तो कार में आए आरोपितों से विवाद हो गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।