Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले- कांग्रेस ने किया उत्तराखंड के सपनों का गला घोंटने का पाप

    By Raksha PanthriEdited By:
    Updated: Mon, 07 Feb 2022 10:22 PM (IST)

    Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रैली के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार डबल ब्रेक वाली थी। उन्होंने आज तक विकास कार्यों में सिर्फ अडंगा ही लगाया है।

    Hero Image
    Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022: पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन।

    राज्य ब्यूरो, हरिद्वार।  Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद हुई अपनी पहली वर्चुअल रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के 14 विधानसभा क्षेत्रों की जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र एवं राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों को देश व उत्तराखंड के विकास में डबल ब्रेक लगाने वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड के सपनों का गला घोंटने, इस राज्य को विकास की दौड़ में पीछे करने और देश की सुरक्षा को दांव पर लगाने का पाप किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस पवित्र देवभूमि में तुष्टीकरण का जहर घोलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेता यूनिवर्सिटी के नाम पर जो तुष्टीकरण कर रहे हैं, वह जनता की आंख खोलने को काफी है। प्रधानमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना समेत अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए राज्य के विकास के लिए डबल इंजन के महत्व को रेखांकित भी किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि विधानसभा चुनाव राज्य का सपना पूरा करने वाले और राज्य निर्माण को छल से रोकने वालों के बीच है। भाजपा ने केंद्र में सरकार आने के तुरंत बाद उत्तराखंड बनाया तो दूसरी तरफ वे लोग थे, जिन्होंने राज्य निर्माण रोकने को षड्यंत्र किए और रोड़े अटकाए। साथ ही प्रश्न किया कि जो लोग उत्तराखंड को राज्य के रूप में देखना ही नहीं चाहते थे, वे यहां विकास देखना चाहेंगे क्या। कांग्रेस के लोग यही चाहेंगे कि उनकी विरासत चलती रहे और वे संसाधनों को लूटते रहें। यही इनकी मानसिकता है। ये सुधरने वाले नहीं हैं।

    उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमारे लिए देवभूमि है, जबकि कांग्रेस इस राज्य को तिजोरी व एटीएम समझती है। कुछ लोग स्वयं तो अच्छा करना नहीं चाहते और दूसरा अच्छा करे तो इनके पेट में दर्द होने लगता है। कांग्रेस की इच्छा के विरुद्ध उत्तराखंड बना तो उसके लोग आज तक भड़ास उतार रहे हैं। राज्य को पीछे धकेलने और देश की सुरक्षा को ताक पर रखने में कांग्रेस पीछे नहीं रही।

    देश की अखंडता को जरूरी है उत्तराखंड का विकास

    प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड दूसरे देशों की सीमा से सटा है। आधारभूत ढांचे को विकसित कर यहां का विकास देश की अखंडता के लिए जरूरी है। इस दृष्टिकोण से कांग्रेस ने दशकों तक प्रदेश को पिछड़ा बनाए रखा। भाजपा सरकार ने सीमांत गांवों के विकास को प्राथमिकता से कदम उठाए हैं। इस बार बजट में वाइब्रेंट विलेज योजना लाई गई है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में सुविधाएं बढऩे के साथ पर्यटन भी बढ़े।

    कांग्रेस ने ब्रेक लगाए, हमने हटाए

    डबल इंजन के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि चीजें कैसे बदलती हैं और विकास पर लगे ब्रेक कैसे हटते हैं, इसका उदाहरण है उत्तराखंड। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस पर एक दशक पहले कार्य होना था, लेकिन पिछली डबल बे्रक वाली सरकार ब्रेक पर ब्रेक लगाती रही। उसने परियोजना पर मात्र चार करोड़ रुपये खर्च किए। 2014 में भाजपा सरकार आने पर यह ब्रेक हटाकर प्रयास शुरू किए गए। हम दिल्ली से जोर लगाते, लेकिन देहरादून से ब्रेक लग जाता था। वर्ष 2017 में डबल इंजन बना तो तब से अब तक परियोजना पर 5500 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-दून एक्सप्रेस वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय शुरू हुआ, लेकिन बाद में कांग्रेस ने उप्र से क्लीयरेंस न मिलने का बहाना बना इसे लटका दिया। वह भी तब, जबकि उस समय उप्र में कांग्रेस की भागीदारी वाली सरकार थी। अब यह एक्सप्रेस वे तरक्की के द्वार खोलेगा।

    जहां हरि हैं, लक्ष्मी वहीं जाती है

    प्रधानमंत्री ने कहा कि हरिद्वार श्रीहरि का द्वार है। जहां हरि हैं, वहीं लक्ष्मी यानी प्रगति व समृद्धि जाती है। यह क्षेत्र दिल्ली व दूसरे क्षेत्रों को जोडऩे वाला पर्यटन व रोजगार की संभावनाओं वाला है। हरिद्वार-देहरादून के क्षेत्र में विकास को तेज गति से आगे बढ़ाया गया है। इस क्रम में उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट का विस्तार, हरिद्वार रिंग रोड, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण,गंगा में जहाज संचालन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

    झूठ-लूट का बड़ा पाप कांग्रेस की कारस्तानी

    प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा निर्मल हो रही है। कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि जब ये सत्ता में थे, तब हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर गंगा की धारा को नहर घोषित कर दिया गया था। खनन व लूट माफिया के लिए यह खेल खेला गया। झूठ-लूट का बड़ा पाप इनकी कारस्तानी है। भाजपा सरकार ने यह निर्णय पलटकर इनके खेल को बंद किया। जनता ने कांग्रेस को उसके पापों की सजा दी, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता नहीं बदल रही। उन्होंने कहा कि उप्र में योगी फिर आ रहे हैं। अपराधी, माफिया भाग रहे हैं। यदि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार होती तो उप्र से भागकर अपराधी यहां ठिकाना बनाते और उनकी खातिरदारी भी होती।

    चारधाम की पहले सुध ली होती

    प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के चारधाम-चार काम के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने दशकों तक पहाड़ों के लिए एक काम नहीं किया, वो नए नारे लेकर आ रहे हैं। चारधामों की पहले सुध ले ली होती तो प्रगति के रास्ते खुलते और यहां से पलायन नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा के डबल इंजन से केदारनाथ को जो भव्यता मिली है, उससे संतोष हो रहा है और प्रयास ये है कि इससे आगे बढ़ जाएं। चारधाम के लिए आल वेदर रोड तेजी से तैयार हो रही है। बजट में उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए पर्वतमाला योजना की घोषणा की गई है, जो नए युग का सूत्रपात करेगी। इससे पर्यटन, रोजगार बढ़ेगा और युवाओं के सपने पूरे होंगे। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, रसोई गैस, खेती-किसानी, जैविक खेती आदि से जुड़े कार्यों का जिक्र किया और कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास आमजन तक पहुंचे।

    देवभूमि की सेवा पवित्र कार्य

    प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि का विकास और सेवा हमारे लिए पुण्य व पवित्र कार्य है। हम जी-जान लगाकर पवित्र मन से कार्य करते हैं और वो (कांग्रेस) गृहद्वार व परिवार के लिए। यदि विकास में ब्रेक लगाने वाले सत्ता में बैठे तो सपने पूरा करना मुश्किल होगा। युवा उत्तराखंड बड़े सपने लेकर आगे बढ़ रहा है। ये दशक उत्तराखंड का है और राज्य इस मौके को हाथ से जाने न दे। धामी के नेतृत्व में भाजपा तेज विकास वाली सरकार देगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वह कांग्रेस के गुनाहों को याद करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करे।

    यह भी पढ़ें- जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ, बोले- आजकल कांग्रेस के कुछ नेता गंगा आरती का कर रहे ढोंग

    Koo App

    देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आज 07 फरवरी, 2022 को दोपहर 2:00 बजे हरिद्वार के मतदाताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। लाइव देखें- • twitter.com/madankaushikbjp • facebook.com/madankaushikbjp #UttarakhandWithBJP

    View attached media content

    - Madan Kaushik (@madankaushikbjp) 7 Feb 2022