Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जंगल धधकाने वाला पिरूल देगा कस्तूरी की खुशबू, एफआरआइ ने ईजाद की तकनीक

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Fri, 05 Oct 2018 08:18 AM (IST)

    एफआरआइ ने पिरूल के वैक्स से परफ्यूम बनाने की तकनीक ईजाद कर ली है। अंतरराष्ट्रीय जैवविविधता कांग्रेस के कार्यक्रम में रिसर्च फेलो पल्लवी दुबे ने तकनीक ...और पढ़ें

    Hero Image
    जंगल धधकाने वाला पिरूल देगा कस्तूरी की खुशबू, एफआरआइ ने ईजाद की तकनीक

    देहरादून, [सुमन सेमवाल]: चीड़ के पत्ते (पिरूल) जंगलों की आग का प्रमुख कारण होते हैं। इसकी बड़ी वजह यह कि पिरुल में वैक्स होता है, जिसके चलते ये बेहद लंबे समय तक वनों में एक सूखी परत की तरह फैले रहते हैं। यह भी एक बड़ा कारण है कि वनों में आग लगने पर पिरूल उसे और भड़का देते हैं। हालांकि, यही वैक्स अब जंगलों की आग भड़काने की जगह फरफ्यूम बनकर कस्तूरी की खुशबू देगा। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) ने पिरूल के वैक्स से परफ्यूम बनाने की तकनीक ईजाद कर ली है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय जैवविविधता कांग्रेस के कार्यक्रम में रिसर्च फेलो पल्लवी दुबे ने तकनीक पर प्रस्तुतीकरण दिया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस शोध के गाइड व एफआरआइ की केमिस्ट्री डिविजन के प्रमुख डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि पिरुल में वैक्स की मात्रा 1.62 फीसद पाई गई। हालांकि जब परफ्यूम बनाने के लिए इसे रासायनिक प्रक्रिया से गुजारा जाता है तो यह दर 80 फीसद हो जाती है। इससे प्राप्त होने वाले परफ्यूम में कस्तूरी जैसी खुशबू आती है। खास बात यह भी कि अन्य परफ्यूम सिंथेटिक होते हैं, जबकि पिरूल के वैक्स से बना परफ्यूम पूरी तरह से प्राकृतिक होगा। इसके अलावा इस वैक्स का प्रयोग विभिन्न कॉस्मेटिक्स उत्पादों व जूतों की पॉलिश बनाने में भी किया जा सकता है। जल्द ही तकनीक का पेटेंट कराकर इसे कमर्शियल स्तर पर प्रयोग में लाने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।

    रेशा बनाने में भी सफलता 

    एफआरआइ की केमिस्ट्री डिविजन के प्रमुख डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि पिरूल से रेशे बनाने की तकनीक भी ईजाद कर ली गई है। इसके रेशों से एक रस्सी भी तैयार की गई है। हालांकि इसे बेहतर बनाने के लिए कुछ और प्रयोग किए जा रहे हैं।

    एक मिलियन टन पिरूल निकलता है

    अकेले उत्तराखंड के वनों से हर साल एक मिलियन टन पिरूल निकलता है। इससे समझा जा सकता है कि यदि पिरूल के  निस्तारण के लिए ठोस उपाय नहीं किए गए तो यह कितना घातक हो सकता है। आग की घटनाओं के बढ़ाने के साथ ही इसकी परत के नीचे अन्य वनस्पतियां भी नहीं उग पाती हैं। हालांकि यदि आग की ही घटनाओं की बात करें तो इस साल 2151 घटनाएं प्रकाश में आईं, जिसने वनों के करीब 4500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में भारी नुकसान किया। यदि पिरूल से परफ्यूम और अन्य उत्पाद बनाने की दिशा में काम किया गया तो इसका निस्तारण आसान हो जाएगा। 

    यह भी पढ़ें: पहाड़ी राज्य दुनिया के लिए कर रहे ऑक्सीजन का काम: पवन कुमार चामलिंग

    यह भी पढ़ें: उच्च हिमालयी क्षेत्र में ग्लोबल वार्मिंग का असर, 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ा तापमान

    यह भी पढ़ें: जलवायु परिवर्तन के संकट से जूझ रहा हिमालय, गड़बड़ा गया है वर्षा का चक्र