शराब का ठेका खोलने पर लोगों ने जताया विरोध, प्रशासन को बंद करना पड़ा ठेका
जनपद पौड़ी के नगर पंचायत स्वर्गाश्रम की सीमा के अंतर्गत रातों रात अंग्रेजी शराब का ठेका खोल दिया गया। स्थानीय लोगों के उबाल पर प्रशासन ने ठेका बंद कर दिया।
ऋषिकेश, जेएनएन। जनपद पौड़ी के नगर पंचायत स्वर्गाश्रम की सीमा के अंतर्गत रातों रात अंग्रेजी शराब का ठेका खोलने से स्थानीय लोगों में उबाल आ गया। महिलाओं ने इसके विरोध में एकत्र होकर नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। स्वर्ग आश्रम ट्रस्ट ने इस मामले में जिलाधिकारी और एसएसपी को कार्रवाई के लिए लिखा है। वहीं, जबरदस्त विरोध होने के बाद प्रशासन ने ठेका बंद कर चाबी लक्ष्मण झूला थाना पुलिस को सौंप दी।
गरुड़चट्टी धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां जिस स्थान पर ठेका खोला गया है यह भूमि बाबा काली कमली पंचायत क्षेत्र स्वर्ग आश्रम ट्रस्ट को आवंटित की गई थी। जिस भूमि पर ठेका खोला गया है वो भूमि जिस महिला के नाम आवंटित है। वह नगर पंचायत सभासद की मां है। यह स्थान राफ्टिंग कार्यालय खोलने के लिए आवंटित किया गया था। ठेका खुलने से लोगों में गुस्सा है।
स्वर्ग आश्रम ट्रस्ट के प्रबंधक जयेश झा ने बताया कि इस तरह के कार्यों के लिए ट्रस्ट कोई अनुमति नहीं देगा। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को इसके विरोध में पत्र लिखा गया है। इस मामले का मुखर विरोध कर रहे प्रयत्न एक सामाजिक संस्था के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता सहित महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उधर, इस ठेके से रविवार की सुबह शराब की बिक्री शुरू कर दी गई है। यह ठेका जिस स्थान पर खुला है वह लक्ष्मण झूला नीलकंठ मार्ग पर स्थित है।
नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन के बाद सभी लोग ठेके के समीप पहुंच गए। यहां भी प्रदर्शन किया गया। सूचना पाकर उप जिलाधिकारी यमकेश्वर एसएस राणा, जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र बिष्ट यहां पहुंचे। महिलाएं कार्यवाही की मांग को लेकर इनके वाहनों के आगे बैठ गई। बाद में इन अधिकारियों ने ठेके के भीतर शराब का स्टॉक गिनती करने के बाद ठेके की चाबी लक्ष्मणझूला पुलिस को सौंप दी।
बोलीं विधायक
क्षेत्रीय विधायक रितु खंडूड़ी ने जिलाधिकारी पौड़ी को फोन कर यहां खुले ठेके पर सख्त एतराज जताया। उन्होंने कहा कि विधायक की गाड़ी राहत सामग्री लेकर जब यहां से निकलती है तो गरुड़ चट्टी में पुलिस वाहन की जांच करती है, लेकिन पुलिस चौकी के बगल में रात को शराब से भरा ट्रक दुकान में पहुंच गया और पुलिस खामोश रही। उन्होंने इस मामले को शासन स्तर पर उठाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: Lockdown 3.0: लॉकडाउन की तलब टूटी, शराब ठेकों पर हालात सामान्य